8 विभागों की एनओसी के फेर में अटका मध्यवर्ती बस डिपो का स्थानांतरण

सरकार से निधि मंजूर, तपोवन में नया डिपो तैयार

डीजल टैंक लगाने की अनुमति नहीं मिलने से अटका काम
पुरानी जर्जर इमारत तोड़कर बनेगी नई बिल्डिंग
मंजूरियों के बाद शुरू होगा निर्माण
अमरावती/दि.9 – सायन्सकोर मैदान के पास स्थित महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) के मध्यवर्ती बस डिपो की जर्जर इमारत के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आठ विभागों की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के फेर में अटक गई है. राज्य सरकार ने डिपो की नई इमारत के निर्माण के लिए निधि मंजूर कर दी है. निर्माण कार्य शुरू होने तक मध्यवर्ती बस डिपो को तपोवन स्थित एसटी महामंडल की कार्यशाला के पास अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने की योजना है. तपोवन में नया डिपो तैयार है, लेकिन वहां डीजल टैंक लगाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है.
* पुराना डिपो खाली होने के बाद शुरू होगा निर्माण
एसटी महामंडल की कार्यशाला करीब एक वर्ष पहले ही तपोवन में स्थानांतरित की जा चुकी है. फिलहाल बसों में डीजल भरने के लिए पंप और दो डीजल टैंक मध्यवर्ती बस डिपो परिसर में ही मौजूद हैं. इन टैंकों को तपोवन में स्थानांतरित करना आवश्यक है. इसके लिए संबंधित विभागों की अनुमति ली जा रही है. डीजल टैंक तपोवन में स्थापित होने और ईंधन व्यवस्था शुरू होने के बाद मध्यवर्ती बस डिपो को अस्थायी रूप से वहां स्थानांतरित किया जाएगा. इसके बाद पुराने डिपो परिसर को खाली कर जर्जर इमारत को तोड़ने और नई इमारत का निर्माण शुरू करने का रास्ता साफ होगा.
* आठ विभागों की मंजूरी जरूरी
तपोवन में डीजल टैंक स्थापित करने और डिपो को स्थानांतरित करने के लिए विभिन्न विभागों की अनुमति आवश्यक है. इनमें विस्फोटक नियंत्रण विभाग से डीजल टैंक लगाने की मंजूरी, मनपा अग्निशमन विभाग से अग्निसुरक्षा संबंधी एनओसी तथा महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल से पर्यावरण संबंधी मंजूरी लेना शामिल है. इसके अलावा विद्युत सुरक्षा विभाग से सुरक्षा जांच, महावितरण से विद्युत व्यवस्था की मान्यता, स्थानीय निकाय से ले-आउट योजना की मंजूरी और एसटी महामंडल के स्थापत्य एवं यंत्र अभियांत्रिकी विभाग की स्वीकृति आवश्यक है. जिलाधिकारी और पुलिस विभाग से भी अंतिम एनओसी लेनी होगी.
* मंजूरी मिलते ही शुरू होगा डीजल टैंक का काम
एसटी महामंडल की ओर से सभी संबंधित विभागों को एनओसी के लिए पत्र भेजे जा चुके हैं. अब इन विभागों की मंजूरी मिलने का इंतजार है. आवश्यक अनुमतियां मिलते ही तपोवन में डीजल टैंक लगाने का काम शुरू किया जाएगा. इसके बाद मध्यवर्ती बस डिपो का अस्थायी स्थानांतरण कर पुराने परिसर में नई इमारत के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
– किरण इंगले, सिविल अभियंता, एसटी महामंडल.

Back to top button