नागपुर में कई यात्री बचे बाल-बाल

खापरी में धधकी निजी ट्रैवल बस

नागपुर/दि.19 – हैदराबाद से गोरखपुर की ओर जा रही निजी ट्रैवल बस के शुक्रवार रात 8 बजे यहां खापरी के पास अचानक धधक उठने से अफरा-तफरी मची. बस में सवार 40 से अधिक यात्रियों ने तेजी से लगभग कूदते हुए अपनी जान बचाई. घटना से शहर के बाहरी क्षेत्र में जमकर खलबली मची. आनन-फानन में पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया. यह बताया गया कि, बस सवार यात्रियों के प्राणों की रक्षा हो गई, इसी में हर कोई राहत मान रहा है. ईश्वर का धन्यवाद कर रहा है.
पुलिस और दमकल सूत्रों ने बताया कि, निजी ट्रैवल बस में अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही दोनों ही विभाग के लोग मौके पर पहुंचे. दमकलों ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए प्रयास शुरु कर दिए. क्योंकि मार्ग से गुजरते अन्य वाहनों और लोगों को आग की चपेट में आने से बचाव करना था. चालक दल के सदस्यों ने यात्रियों को समय रहते उतार लिया. जिसके बाद बस नामालूम कारणों से धू-धू कर जल उठी थी.
पुलिस और दमकल अधिकारियों ने अंदाजा जताया कि, टायरों में लंबे सफर के कारण घर्षण से कदाचित यह आग लगी हो, अभी जांच चल रही है. पूरी तहकीकात के बाद आग लगने की मुख्य वजह का पता चल सकेगा. बस की आगजनी के कारण क्षेत्र में काफी देर तक यातायात बाधित हो गया था. सभी ने यात्रियों की जान बाल-बाल बच जाने पर संतोष व्यक्त किया. उसी प्रकार दमकल की तत्परता की भी प्रशंसा की गई.

Back to top button