अचानक गर्म हुआ कुओं का पानी

अकोला जिले में लोगों में जिज्ञासा और घबराहट

* जानकारों ने दिया वैज्ञानिक दृष्टिकोण
अकोला /दि.21- जिले के अनेक भागों में कुओं और बोरवेल का पानी साामान्य से अधिक गर्म होने की जोरदार चर्चा चल रही है. जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की आशंकाएं एवं जिज्ञासाएं देखी जा रही है. वहीं शिवाजी इंजी. कॉलेज के सिविल विभाग के डीन तथा भूगर्भ विज्ञान के अध्ययनकर्ता डॉ. अभिनंदन गुप्ता ने स्पष्ट कर दिया कि, कुएं या बोरवेल का पानी का तापमान बढने के पीछे अनेक भूगर्भीय कारण हो सकते हैं. डॉ. गुप्ता ने इसका संबंध भूकंप से जोडना गलत बताया है. लोगों में आशंका है कि, भूकंप आने से पहले इस प्रकार की गतिविधि हो सकती है. वहीं कुछ दिन पहले हिंगोली और आसपास के भागों में आधी रात के बाद तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, यह बात भी लोगों ने याद की.
* डॉ. गुप्ता ने समझाकर बताया
डॉ. अभिनंदन गुप्ता के अनुसार पृथ्वी की भीतरी परतों में निरंतर सूक्ष्म भूगर्भीय हलचले होती है. चट्टानों के बीच घर्षण उत्पन्न होता है. जिसके कारण उष्मा पैदा होती है. इसका असर क्षेत्र के भूजल पर पड सकता है. कुएं या बोरवेल का पानी अपेक्षाकृत गर्म महसूस हो सकता है. इसके अलावा भूमि की दरारे अथवा भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं सक्रिय होता है, तो गहराई में स्थित जल उपरी स्तर तक पहुंचने पर गर्म लगता है. पानी के तापमान में बढोत्तरी दिखाई देती है. ऐसी घटनाएं विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में प्राकृतिक रुप से दर्ज की जा चुकी है. कुछ स्थानों पर हाईड्रोजन सल्फाइड एचएस तथा अन्य गैसों की उपस्थिति भी भूगर्भीय पानी के गुणों में परिवर्तन का कारण बन सकती है. रासायनिक प्रक्रिया के कारण पानी में अंडे जैसी गंध आने के साथ तापमान में परिवर्तन महसूस हो सकता है.
* वैज्ञानिक आधार आवश्यक
डॉ. गुप्ता ने बताया कि, भारतीय भूकंप जोखिम मानचित्र के अनुसार अकोला जिला भूकंप प्रवण जोन-2 में आता है, अर्थात यहां भूकंप आने की संभावना अत्यल्प होती है. भूकंप का आकलन भूगर्भीय अध्ययन, भूकंप मापन केंद्रों के आंकडों तथा अन्य वैज्ञानिक माणकों के आधार पर ही किया जाता है. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि, भूकंप संभावित क्षेत्रों में बडे भूकंप से पहले भूजल के तापमान में बढोतरी के उदाहरण खोज में मिले है. केवल कुएं का पानी गर्म होने के आधार पर भूकंप अर्थात भूचाल आने की आशंका व्यक्त करना वैज्ञानिक दृष्टि से उचित नहीं है.

Back to top button