बुधवारा क्षेत्र की बिजली रात 2 बजे से गुल
भीषण गर्मी में लोगों की बढ़ी परेशानी, नागरिकों में भारी रोष

*एमएससीबी के अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने का आरोप
अमरावती/दि.23– शहर के बुधवारा क्षेत्र में गुरुवार देर रात से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय रहवासियों के अनुसार रात करीब 2 बजे से जैन मंदिर परिसर तथा दाउदी बोहरा मस्जिद परिसर सहित पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई, जिसके चलते लोगों की नींद हराम हो गई और गर्मी के कारण हालात बेहद परेशान करने वाले बन गए.
नागरिकों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी देने के लिए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (एमएसईडीसीएल) के उपलब्ध कराए गए तीनों संपर्क नंबरों पर लगातार फोन किए गए, लेकिन किसी भी अधिकारी अथवा कर्मचारी ने फोन रिसीव नहीं किया. कुछ लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद थे, जबकि कुछ नंबरों पर घंटी जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला.
स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर विशेष नाराजगी देखी गई कि भीषण गर्मी के दौरान घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रहने के बावजूद विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था अथवा सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई. क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति, पंखे, कूलर तथा अन्य आवश्यक उपकरण बंद पड़ गए, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
नागरिकों ने विद्युत विभाग के इस रवैये को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा शिकायतों पर त्वरित प्रतिसाद सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी इसी प्रकार की लापरवाही जारी रही तो नागरिकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है.





