नागपुर में जिलाधिकारी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी
मचा हड़कंप, 18 नामी स्कूलों में अचानक छुट्टी

* पुलिस अलर्ट, स्कूल परिसरों में कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त
नागपुर/दि. 31 – महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के 18 प्रतिष्ठित स्कूलों और जिला कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई. सुरक्षा कारणों से सभी संबंधित स्कूलों में तत्काल अवकाश घोषित कर दिया गया, जबकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है.
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को इन स्कूलों और जिला कलेक्टर कार्यालय को एक संदिग्ध ई-मेल प्राप्त हुआ था. ई-मेल में संबंधित इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. विशेष बात यह रही कि धमकी भरे संदेश में 31 अगस्त की तारीख का स्पष्ट उल्लेख किया गया था. इसी वजह से रविवार को किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने एहतियातन विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित कर दी. धमकी मिलने के बाद नागपुर पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी थी. प्रारंभिक जांच में ई-मेल का संबंध फ्रांस और बांग्लादेश से जुड़े इंटरनेट स्रोतों से होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की तकनीकी जांच अभी जारी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
* बम निरोधक दस्ते ने की तलाशी
ई-मेल प्राप्त होने के बाद बम खोजक एवं नाशक दस्ते (बीडीडीएस) ने सभी स्कूल परिसरों और जिला कलेक्टर कार्यालय की गहन जांच की. तलाशी अभियान के दौरान किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं.
* स्कूलों और कलेक्टर कार्यालय में कड़ा पहरा
धमकी में उल्लिखित तारीख आने के बाद नागपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सभी 18 स्कूलों और जिला कलेक्टर कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है.
* अभिभावकों में चिंता, पुलिस ने की अपील
घटना की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता और भय का माहौल देखा गया. हालांकि पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं. जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और इसके पीछे शामिल लोगों तक पहुंचने के लिए साइबर तकनीकी सहायता भी ले रही हैं.
इस घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से नजर रखे हुए है.





