निम्बा डैम निर्माण स्थल पर दर्दनाक हादसा
रोड रोलर की चपेट में आने से युवक की मौत

अमरावती/दि.19– भातकुली तहसील के निम्बा गांव स्थित डैम निर्माण स्थल पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माण कार्य स्थल पर खड़े रोड रोलर की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद भातकुली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान विवेक संजू वाघदेवा (18, निवासी पाथाखेड़ा, तहसील भैसदेही, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है. वहीं पुलिस ने इस मामले में गजानन सिद्धार्थ खोबरागड़े (निवासी सावरडी, जिला अमरावती) के खिलाफ केस दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, निम्बा गांव के पास डैम का निर्माण कार्य चल रहा है. रविवार होने के कारण निर्माण कार्य बंद था और मजदूर आराम कर रहे थे. इसी दौरान विवेक एक पेड़ के नीचे सो गया था. बताया जाता है कि गजानन खोबरागड़े पास में खड़े रोड रोलर पर चढ़ गया और उसे चालू करने की कोशिश करने लगा. रोड रोलर स्टार्ट होते ही अचानक आगे बढ़ गया. गजानन ने उसे रोकने के लिए ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन उसे मशीन के संचालन की पूरी जानकारी नहीं थी. इसी दौरान रोड रोलर सीधे पेड़ के नीचे सो रहे विवेक के ऊपर चढ़ गया.
हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने किसी तरह रोड रोलर को रोका और विवेक को तत्काल जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही भातकुली पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर मामला दर्ज किया है तथा आगे की जांच जारी है.





