समृद्धि पर बेतरतीब वाहन चालकों पर अगले महीने से अंकुश!
महीनेभर में आईटीएमएस प्रणाली का पहला चरण कार्यान्वित

मुंबई /दि.19– मुंबई से नागपुर समृद्धि महामार्ग पर नियम उल्लंघनों के कारण होने वाले हादसों को रोकना अब संभव होगा और बेतरतीब वाहन चालकों पर अगले महीने से अंकुश लगेगा. इस मार्ग पर स्थापित की गई इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अगले महीने से कार्यान्वित हो रही है और पहले चरण में नागपुर से जालना के बीच 364 किलोमीटर लंबे मार्ग पर यह सेवा शुरू की जा रही है. इसके जरिए वाहन चालकों द्वारा किए जाने वाले 16 प्रकार के नियम उल्लंघनों पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. पूरे समृद्धि महामार्ग पर आईटीएमएस प्रणाली अगस्त में कार्यान्वित होगी, ऐसी जानकारी महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (एमएसआरडीसी) के व्यवस्थापकीय संचालक अनिलकुमार गायकवाड ने दी.
अनिलकुमार गायकवाड ने हाल ही में ‘लोकमत’ कार्यालय का दौरा कर ‘लोकमत कॉफी टेबल’ उपक्रम के अंतर्गत संपादकीय विभाग के साथ विभिन्न मुद्दों पर खुलकर संवाद किया. प्रारंभ में मुंबई ‘लोकमत’ के संपादक अतुल कुलकर्णी ने उनका स्वागत किया. वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय शुक्ला ने उन्हें लंदन इकॉनोमिक कन्व्हेन्शन की पुस्तक भेंट की.
एमएसआरडीसी की ओर से नागपुर से मुंबई तक 701 किलोमीटर दूरी वाले मार्ग पर 1,698 करोड़ रुपये खर्च कर इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम (आईटीएस) स्थापित की जा रही है. इसके लिए एनसीसी लिमिटेड और मनेक्स इन्फोटेक्नॉलॉजीस को जुलाई 2024 में ठेका दिया गया था.
* आईटीएमएस की विशेषताएं
– प्रत्येक 1 किलोमीटर की दूरी पर उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी.
– आमने में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सेंटर, जबकि सात स्थानों पर रीजनल ट्रैफिक मैनेजमेंट केंद्र.
– महामार्ग पर कुल 294 ग्रँन्ट्री. उन पर वीएएसडी 70 और व्हीआयडीईएस 140 प्रणाली तथा एलसीएस 12 और व्हीएमएस 72 प्रणाली.
– महामार्ग पर प्रत्येक 2 किलोमीटर पर सहायता के लिए अत्यावश्यक कॉल बूथ.
– दुर्घटना के समय संवाद के लिए वायरलेस पद्धति की मोबाइल रेडियो कम्युनिकेशन सिस्टम.
* फायदे
– 16 प्रकार के नियम उल्लंघन कैमरों की नजर में.
– चौबीस घंटे निगरानी से सुरक्षा होगी और अपराध पकड़े जा सकेंगे.
– सड़क सुरक्षा में बढ़ोतरी होकर हादसे रोके जा सकेंगे.
– रियल टाइम मॉनिटरिंग के जरिए हादसे रोकना संभव होगा.
* किन नियम उल्लंघनों पर होगी कार्रवाई?
ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा से आना, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना, सीट बेल्ट न लगाना, फैंसी नंबर, महामार्ग पर दोपहिया वाहन ले जाना, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना, लेन अनुशासन का पालन न करना, सुरंग में गलत दिशा में वाहन चलाना, उसमें हेडलाइट न जलाना, रिफ्लेक्टर का उपयोग न करना, वाहन ओवरलोड होना आदि.





