नेपाल में फंसे विदर्भ के यात्रियों की 2 सितंबर को होगी वापसी

सकुशलता की सूचना पाकर परिजनों ने ली राहत की सांस

* बाढ़ के कारण प्रभावित हुई थी मानसरोवर यात्रा
* विशेष विमान से मुंबई पहुंचेंगे 112 श्रद्धालु
* अमरावती की कांचन पांडे व श्याम मारोटकर भी सुरक्षित
अमरावती/दि.31 – नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए महाराष्ट्र और विदर्भ के अनेक श्रद्धालु प्रभावित हो गए थे. कई यात्रियों का अपने परिजनों से संपर्क भी टूट गया था, जिससे परिवारों में चिंता का माहौल बन गया था. हालांकि अब स्थिति सामान्य होने लगी है और यात्रियों की सुरक्षित वापसी का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
महाराष्ट्र सरकार के नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए विदर्भ क्षेत्र के 112 यात्री 2 सितंबर को विशेष विमान से मुंबई पहुंचेंगे. इसके बाद सभी यात्री अपने-अपने गृह जिलों के लिए रवाना होंगे. यात्रियों के इस दल में अमरावती की कांचन पांडे भी शामिल हैं. बाढ़ की स्थिति के दौरान वे कैलाश मानसरोवर क्षेत्र में थीं. उन्होंने अपने पति विलास पांडे को संदेश भेजकर सुरक्षित होने की जानकारी दी है. कांचन पांडे ने बताया कि वे काठमांडू पहुंच रही हैं और वहां से 2 सितंबर को विशेष विमान द्वारा मुंबई के लिए रवाना होंगी.
* दो दिन तक नहीं हो पाया था संपर्क
बाढ़ के बाद कई यात्रियों का संपर्क अपने परिवारों से टूट गया था. अमरावती जिले के बुधवारा निवासी श्याम मारोटकर से भी परिजनों का लगभग दो दिनों तक संपर्क नहीं हो पाया था, जिससे परिवार बेहद चिंतित था. बाद में श्याम मारोटकर ने परिजनों से संपर्क कर अपनी कुशलक्षेम बताई, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली.
* नियंत्रण कक्ष से लगातार मिल रही जानकारी
नेपाल में फंसे यात्रियों की स्थिति और उनकी वापसी को लेकर महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्थापित विशेष नियंत्रण कक्ष लगातार सक्रिय है. यात्रियों के परिजनों को समय-समय पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. विशेष विमान से मुंबई पहुंचने की सूचना मिलने के बाद प्रभावित परिवारों की चिंता काफी हद तक कम हुई है.
* बाढ़ से प्रभावित हुई थी यात्रा
नेपाल में आई भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई मार्ग बाधित हो गए थे, जिससे कैलाश मानसरोवर यात्रा प्रभावित हुई. कुछ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकना पड़ा था. अब मौसम और मार्ग की स्थिति में सुधार आने के बाद यात्रियों की चरणबद्ध वापसी शुरू की जा रही है. विदर्भ सहित महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी की खबर से उनके परिवारों में खुशी और राहत का माहौल है.

Back to top button