डबल गोल्ड जीतकर वंश मिश्रा ने बढ़ाया अमरावती का गौरव

अमरावती/दि.24- पुणे में आयोजित सीआईएससीई रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता (जोनल्स – ज़ोन सी) में अमरावती के प्रतिभाशाली स्केटर वंश मनोज मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और समाज में हर्ष का वातावरण है.
डी.वाई. पाटिल इंटरनेशनल स्कूल, पुणे के सहयोग से इंटरनेशनल स्केटिंग रिंक, विमान नगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में टोमोए प्राइमरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, अमरावती के छात्र वंश मिश्रा ने एक हजार मीटर रिंक रेस तथा दो हजार मीटर रोड रेस स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए. इन दोनों स्पर्धाओं में विजय प्राप्त कर उन्होंने डबल गोल्ड जीतने का गौरव हासिल किया. साथ ही उनका चयन आगामी रीजनल प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है.
वंश मिश्रा, श्री सरयूपारीण ब्राह्मण युवा परिषद, अमरावती के पूर्व पदाधिकारी मनोज बंशगोपाल मिश्रा तथा श्री सरयूपारीण ब्राह्मण महिला मंडल, अमरावती की जनसंपर्क अधिकारी गीता मनोज मिश्रा के सुपुत्र हैं. कम उम्र में मिली यह बड़ी सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून का प्रमाण मानी जा रही है.
अपनी सफलता पर वंश ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के प्रोत्साहन तथा अपने प्रशिक्षकों अनुजकुमार पर्तानी और मयूर चौधरी के मार्गदर्शन को दिया. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे.
वंश की इस उपलब्धि पर श्री सरयूपारीण ब्राह्मण सभा, अमरावती ने उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. सभा के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वंश आगामी रीजनल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अमरावती और समाज का नाम गौरवान्वित करेंगे.
सभा की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि वंश मिश्रा की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है.
मेहनत की रफ्तार जब सफलता की राह पर दौड़ती है, तो जीत के स्वर्णिम पदक इतिहास रचते हैं. वंश मिश्रा की यह उपलब्धि इसी प्रेरणादायी संदेश को साकार करती है.

Back to top button