पानीपुरी खाने से 12 बालकों को विषबाधा, एक की हालत गंभीर
बालक को गढचिरोली जिला अस्पताल में किया गया भर्ती

चंद्रपुर /दि.26– चंद्रपुर जिले के सावली तहसील में आने वाले सामदा बुज में पानीपुरी खाने के बाद 12 बालकों को विषबाधा होने की घटना बुधवार की शाम घटित हुई. विषबाधा हुए बालकों में छोटे बालक-बालिकाओं का समावेश है. जिसमें से एक बालक की हालत गंभीर रहने से उसे उपचार के लिए गडचिरोली जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस घटना के कारण खाद्य पदार्थ की सुरक्षा का प्रश्न निर्माण हो गया है.
जानकारी के मुताबिक व्याहाड बुज के पानीपुरी विक्रेता दशरथ तुलसीराम मोटघरे बुधवार की शाम 4 बजे के दौरान सामदा बुज गांव में पानीपुरी बेचने के लिए आया था. गांव के अनेक बालकों ने पानीपुरी का आस्वाद लिया. लेकिन कुछ समय बाद उन्हें उल्टी और जुलाब की तकलीफ शुरु हो गई. एक के बाद एक 12 बालकों की हालत बिगडने से गांव में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही सामदा उपकेंद्र का स्वास्थ्य दल रात को ही गांव में पहुंचा और सभी बालको ंपर प्राथमिक उपचार शुरु किया. एक बालक की हालत गंभीर रहने से उसे गडचिरोली जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सामदा बुज ग्रामपंचायत के प्रशासक व ग्रामविकास अधिकारी ने संबंधित पानीपुरी विक्रेता को कारण बताओं नोटिस दी है. अपने खिलाफ फौजदारी मामला क्यों दाखल न किया जाये, इस बाबत तत्काल खुलासा प्रस्तुत करने के निर्देश नोटिस में दिये गये है.
* अन्न सुरक्षा विभाग के पास जांच के लिए पत्र
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अन्न व औषध प्रशासन विभाग को पत्र भेजकर पानीपुरी के नमूनों की जांच करने की मांग की है. दूषित जल अथवा निकृष्ट दर्जे के खाद्य पदार्थ के कारण विषबाधा होने का प्राथमिक अनुमान व्यक्त किया गया है.
* विषबाधा का कारण तलाशने नमूने लिये जाएंगे
सामदा बुज के विषबाधा की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का दल रात को ही गांव में पहुंचा. विषबाधा का कारण तलाशने के लिए पानीपुरी के नमूने जांच के लिए भेजे जाने वाले है. साथ ही खाद्य पदार्थ विक्रेता का विशेष जांच अभियान जल्द चलाया जाएगा.
– डॉ. रवींद्र चौधरी,
तहसील स्वास्थ्य अधिकारी, सावली.





