वर्धा में एटीएम से 12 लाख लूटे, मशीन भी जला दी
सबूत मिटाने सीसीटीवी कैमरे पर भी किया स्प्रे

वर्धा/दि.3 – वर्धा जिले के खरांगणा (मोरांगणा) बस स्टैंड के समीप स्थित एक एटीएम केंद्र में अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने एटीएम मशीन तोड़कर उसमें रखे 12 लाख 22 हजार रुपये लूट लिए और पुलिस को कोई सुराग न मिले, इसके लिए पूरी एटीएम मशीन में आग लगा दी. साथ ही बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर फुटेज भी नष्ट करने की कोशिश की.
यह घटना 1 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे हुई. सुनसान इलाके का फायदा उठाकर बदमाशों ने पहले कटर से एटीएम का शटर काटा और अंदर प्रवेश किया. इसके बाद मशीन तोड़कर नकदी निकाल ली. वारदात के बाद उन्होंने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर एटीएम मशीन में आग लगा दी, जिससे मशीन पूरी तरह जलकर राख हो गई.
घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अग्निशमन अधिकारी अशोक लोखंडे, फायरमैन मयूर सोनवणे तथा वाहन चालक प्रदीप तराले ने आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक एटीएम मशीन और केबिन को भारी नुकसान हो चुका था.
प्राथमिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया. पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए चोरी की और सबूत मिटाने के लिए आगजनी की. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आसपास के मार्गों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न पुलिस टीमें गठित कर जांच तेज कर दी गई है. यह भी बताया गया कि, बदमाश शटर काटकर एटीएम में घुसे. 12 लाख से अधिक नकदी लूट ली.





