प्रेमी से विवाद के बाद 23 वर्षीय आईटी इंजीनियर युवती की मौत
दो दिन पहले नोएडा से मिलने आया था प्रेमी, गिरफ्तार

* परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज गिरफ्तार
पुणे /दि. 31- पुणे के खराड़ी इलाके में एक 23 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार युवती ने अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या की. घटना के बाद उसके परिजनों की शिकायत पर खराड़ी पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. मृतका की पहचान जान्हवी पाठक (23) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी. मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतकुमार अरुणकुमार सिंह (23, पहाड़गंज, नई दिल्ली) के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि मृतका के उत्तर प्रदेश में रहने वाले 49 वर्षीय चाचा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया.
* स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते थे
प्राथमिक पुलिस जांच के अनुसार जान्हवी और अमृतकुमार एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे. दोनों ने साथ में स्कूली शिक्षा पूरी की थी. इसके बाद जान्हवी ने राजस्थान से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और नौकरी के लिए पुणे आ गई थी. वह खराड़ी स्थित एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थी. जान्हवी करीब दो महीने पहले ही खराड़ी की रिवर डेल सोसायटी में रहने आई थी. दूसरी ओर, अमृतकुमार नोएडा स्थित एक आईटी कंपनी में कार्यरत था.
* दो दिन पहले ही पुणे आया था अमृतकुमार
पुलिस के मुताबिक, अमृतकुमार जान्हवी से मिलने के लिए घटना से करीब दो दिन पहले नोएडा से पुणे आया था. दोनों खराड़ी स्थित फ्लैट में साथ रह रहे थे. इसी दौरान गुरुवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. परिजनों की शिकायत और पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद के दौरान कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज होने की बात सामने आई है. शुक्रवार 28 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ बजे अमृतकुमार किसी काम से इमारत के नीचे गया था. इसी दौरान फ्लैट में जान्हवी ने फांसी लगा ली. अमृतकुमार के वापस लौटने के बाद घटना का पता चला.
* पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही खराड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ससून अस्पताल भेजा. मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमृतकुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब दोनों के बीच हुए विवाद की वजह, घटना से पहले की परिस्थितियों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है.





