हिंदू स्मशानभूमि में एक ही दिन में 25 अंतिम संस्कार
भीषण गर्मी का कहर... 46.4 डिग्री तापमान, एसी-कूलर फेल

अमरावती/दि.23– मौसम विभाग द्वारा अकोला, अमरावती और वर्धा जिलों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. विदर्भ में गर्मी ने विकराल रुप धारण कर लिया है. अमरावती शहर में पिछले दो दिनों से सूरज आग उगल रहा है. जिससे लोग घर में भी बेहाल है. इसी बीच पिछले 24 घंटों में विभिन्न कारणों से 25 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. सभी मृतकों का अंतिम संस्कार हिंदू स्मशानभूमि में किया गया.
सामान्य दिनों में हिंदू स्मशानभूमि में रोजाना 8 से 13 अंतिम संस्कार होते है. लेकिन पिछले दो दिनों में यह संख्या तेजी से बढी है. शुक्रवार को 54 से 95 वर्ष के करीब 25 मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया. कोरोनाकाल के बाद पहली बार स्मशानभूमि के सभी ओटे हाउसफुल दिखाई दिए. उल्लेखनीय है कि, देश और महाराष्ट्र राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. राज्य के कई शहरों में तापमान 54 डिग्री सेल्सीअस के पार पहुंच चुका है. जबकि अमरावती सहित विदर्भ के कई हिस्सों में हालात अधिक गंभीर बने हुए है. अमरावती में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार 46 डिग्री सेल्सीअस से अधिक दर्ज किया गया है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.
* एसी-कूलर बेअसर, बुजुर्ग और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी
सीमेंट की सडके, उंची इमारते, टीन शेड वाले घर और डामर की सडके दिनभर गर्मी सोखकर रात में वातावरण में छोड रही है. ऐसे में रात के समय भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. तेज गर्मी के कारण घरों के पंखे भी गर्म हवा फेंक रहे है और एसी व कूलर भी बेअसर साबित हो रहे है. छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गो तथा मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. स्मशानभूमि के व्यवस्थापक इंगले ने जानकारी देते हुए बताया कि, पिछले दो दिनों से अंतिम संस्कारों की संख्या लगातार बढ रही है. शुक्रवार को सभी ओटे भर गए थे और देर रात करीब 25 शवों का अंतिम संस्कार किया गया. रोजाना 8 से 13 मौते होती है, लेकिन बढती गर्मी के कारण पिछले तीन-चार दिनों में मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ है. शुक्रवार को यह आंकडा बढकर 25 तक पहुंच गया.
* जिले में अगले तीन दिन और भी खतरनाक
गर्मी का प्रकोप लगातार बढता जा रहा है. दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज गर्मी से लोग परेशान है. स्वास्थ्य पर असर पडने से मरीजों की संख्या बढ रही है और बुजुर्गों की स्थिति अधिक चिंताजनक है. प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है. जानकारी के अनुसार अमरावती जिले में अगले तीन दिनों तक तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सीअस के आसपास बना रहेगा और रेड अलर्ट भी जारी रहेगा. 26 मई के बाद ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है.





