पर्यावरणीय बदलावों का अध्ययन कर तुरंत उपाय करें

सांसद अमर काले की बढ़ते तापमान पर प्रशासन को सूचना

वर्धा/दि.23- वर्धा सहित विदर्भ के कई जिलों में लगातार बढ़ते तापमान को लेकर चिंता जताते हुए सांसद अमर काले ने प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, पेड़ों की कटाई, बढ़ते शहरीकरण, जलस्रोतों की कमी और औद्योगिक प्रदूषण के कारण मौसम चक्र में बड़े बदलाव हो रहे हैं, जिसका सीधा असर जिले के तापमान पर दिखाई दे रहा है.
सांसद ने कहा कि कुछ वर्ष पहले अकोला पानी की कमी और चंद्रपुर अत्यधिक तापमान के लिए चर्चा में रहता था, लेकिन अब वर्धा देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है. जिले में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने को गंभीर चेतावनी बताते हुए उन्होंने प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए. अमर काले ने मांग की कि राज्य सरकार विशेषज्ञ समिति गठित कर बढ़ते तापमान, पर्यावरणीय बदलावों और भविष्य के खतरों का व्यापक अध्ययन कराए. साथ ही बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण परियोजनाएं, शहरी हरित क्षेत्र बढ़ाने, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल नियोजन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना समय की मांग है. यदि अभी प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में सूखा, जल संकट और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं और बढ़ सकती हैं. सांसद ने राज्य सरकार से दीर्घकालीन पर्यावरण नीति तैयार कर बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए ठोस रणनीति बनाने की अपील की है.

Back to top button