आधुनिक जांच तकनीकों पर पुलिस अधिकारियों को मिला प्रशिक्षण

अमरावती में फोरेंसिक कार्यशाला संपन्न

अमरावती /दि.23- विद्या भारती कॉलेज में बुधवार को अमरावती क्षेत्रीय पुलिस विभाग की ओर से फोरेंसिक वर्कशॉप का आयोजन किया गया. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जांच अधिकारियों में वैज्ञानिक जांच पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आधुनिक फोरेंसिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना था, ताकि अपराधों में दोष सिद्धि दर बढ़ाई जा सके और तकनीकी रूप से मजबूत जांच सुनिश्चित हो सके. कार्यशाला में फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के विभिन्न विभागों की विस्तृत जानकारी दी गई. इसमें डीएनए विश्लेषण, साइबर फोरेंसिक, दस्तावेज परीक्षण, बैलिस्टिक्स, नारकोटिक्स तथा केमिकल एनालिसिस जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन किया.
विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट आधारित अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसके चलते साइबर फोरेंसिक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है. मोबाइल फोन, सोशल मीडिया, डिजिटल ट्रांजैक्शन, सीसीटीवी फुटेज, ई-मेल और आईपी लॉग जैसे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से एकत्रित कर उनका विश्लेषण करना जांच प्रक्रिया का अहम हिस्सा बन चुका है. अधिकारियों को तकनीकी दक्षता बढ़ाने और आधुनिक उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया.
कार्यशाला में बताया गया कि न्यायिक प्रक्रिया में वैज्ञानिक साक्ष्यों को अत्यंत विश्वसनीय माना जाता है. सही तरीके से सबूत एकत्रित कर उनका वैज्ञानिक विश्लेषण करने से अपराधियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार करने और सजा की दर बढ़ाने में मदद मिलती है. साथ ही फोरेंसिक साइंस बेगुनाह लोगों को न्याय दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आधुनिक जांच पद्धतियों, तकनीकी उपकरणों और फोरेंसिक विज्ञान का अधिकतम उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण जांच करने की अपील की गई. कार्यशाला में अमरावती ग्रामीण, वाशिम, यवतमाल, अकोला और बुलढाणा पुलिस इकाइयों के करीब 260 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए. इसके अलावा नई कानूनी व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस इकाइयों को उपलब्ध कराई गई मोबाइल फोरेंसिक वैन पर कार्यरत अधिकारी भी उपस्थित रहे.
कार्यशाला का आयोजन अमरावती के विशेष पुलिस महानिरीक्षक रामनाथ पोकले की अध्यक्षता में किया गया. इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रुप में डॉ. विजय ठाकरे, नीलेश पाटिल, वैशाली महाजन तथा विद्याभारती फार्मसी महाविद्यालय के प्राचार्य श्रीकांत पांडे उपस्थित थे. कार्यक्रम का आयोजन अमरावती ग्रामीण के जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया.

Back to top button