37 लाख रुपए की शराब समेत कंटेनर पकडा, आरोपी फरार

नकली शराब की तस्करी, वर्धा में शराब बिक्री की साजिश विफल

यवतमाल /दि.12 – गोवा और मध्य प्रदेश से लाई गई शराब का कंटेनर यवतमाल जिले से जाने की गोपनीय जानकारी राज्य उत्पादन शुल्क विभाग को मिलने के बाद मंगलवार की रात जाल बिछाकर रालेगांव तहसील के अल्लीपुर मार्ग के कलमनेर फाटा पर कंटेनर को कब्जे में लिया गया. अमरावती, नागपुर और यवतमाल के एक्साईज के दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 37 लाख रुपए शराब और 70 लाख रुपए का वाहन जब्त कर लिया. इस कार्रवाई से नकली शराब की तस्करी होती रहने की बात फिर से एक बार उजागर हुई है. इस कार्रवाई के दौरान आरोपी घटनास्थल से भागने में सफल हो गया.
इस कंटेनर में अंडों की ट्रे रखी गई थी. उसमें देशी शराब के 590 बॉक्स मिले. इसमें भिंगरी, टेंगो पंच, रॉकेट, प्रीमियर नंबर-1 का समावेश था. इसके अलावा विदेशी शराब के 93 बॉक्स भी मिले. जिसमें रॉयल स्टैग, ऑफीसर चॉईस, ऑफीसर चॉईस ब्ल्यू नामक ब्रांड के नाम का समावेश था. मध्य प्रदेश से शराब लेकर आनेवाली कार जब्त की गई. साथ ही शराब लेकर जाने के लिए आई कार क्रमांक एमएच-29/बीवी-7227 को पकड लिया गया. इस कार का रजिस्ट्रेशन वर्धा के गोंड मोहल्ला निवासी इमरान अयुब खान पठान के नाम से है. इस कार्रवाई में एक्साईज के दल ने कंटेनर क्रमांक एमएच-04/एसडी-0298, माल वाहक वाहन क्रमांक एमएच-30/बीडी-3881 और कार जब्त कर ली है. कार्रवाई के दौरान तीनों वाहन छोडकर आरोपी फरार हो गए, ऐसा एक्साईज विभाग का कहना था. यह कार्रवाई एक्साईज के आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख के मार्गदर्शन में सहआयुक्त प्रसाद सुर्वे, विभागीय उपायुक्त डॉ. पराग नवलकर, अधीक्षक गणेश पाटिल, शशीकांत गर्जे, मितेश शेंडे, वैभव वैद्य, पी. एस, बोढारे के मार्गदर्शन में हुई.

* मेड इन महाराष्ट्र का स्टिकर
इस वाहन में बरामद हुई डायरी में वर्धा निवासी प्रशांत चंदनखेडे के नाम का उल्लेख है. चंदनखेडे पर गंभीर मामले दर्ज रहने की जानकारी एक्साईज के विभागीय आयुक्त पराग नवलकर ने दी. अन्य राज्यों से शराब लाई गई है, इसकी जानकारी किसी को न मिलने के लिए मेड इन महाराष्ट्र के स्टिकर तैयार थे. इस स्टिकर के गठ्ठे जब्त वाहनों में मिले. गोवा और मध्य प्रदेश से कम कीमत में लाई गई शराब अधिक भाव से वर्धा में बिक्री करने का तस्करों का प्रयास रहने की बात कार्रवाई में सामने आई है.

Back to top button