ड्रग्ज लेकर वणी जा रहे तस्कर को दबोचा
5.60 लाख रुपए का एमडी जब्त

* शिरपुर पुलिस की कार्रवाई
वणी /दि.13 – यवतमाल जिले के वणी तहसील में आनेवाले शिरपुर पुलिस ने नागपुर के एक ड्रग्ज तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 लाख 60 हजार रुपए मूल्य की एमडी समेत कुल 9 लाख 82 हजार रुपए का माल जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम श्रेयस उर्फ गुड्डू पाटिल है. गिरफ्तार किए गए इस आरोपी को न्यायालय में पेश कर 14 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता ने जिले के सभी थानेदारों को ड्रग्ज रखनेवाले और सेवन करनेवालों के खिलाफ कडी कार्रवाई के आदेश दिए है. इस पृष्ठभूमि पर शिरपुर के थानेदार संतोष मनवर और उसके साथियों ने ड्रग्ज माफिया के खिलाफ अभियान शुरु किया है. 11 फरवरी को एक तस्कर कार में ड्रग्ज रखकर उसे बिक्री के लिए वणी आनेवाला है, ऐसी जानकारी थानेदार मनवर को मिली थी. बुधवार की शाम शिरपुर पुलिस के दो अलग-अलग दलों ने चारगांव-वणी रोड पर नाकाबंदी की, तब शाम 5 बजे के दौरान सिल्वर रंग की कार क्रमांक एमएच-32/एएच-4126 वणी की तरफ आती दिखाई दी. पुलिस के दल ने इस कार को रोककर चालक से पूछताछ की तब उसने अपना नाम श्रेयस उर्फ गुड्डू शशिकांत पाटिल (24) बताया. यह आरोपी मूल वणी तहसील के पुनवट का रहनेवाला है और फिलहाल नागपुर में रहता है. पुलिस ने कार की तलाशी ली तब उसमें 57.1 ग्राम एमडी ड्रग्ज बरामद हुए. इस ड्रग्ज की कीमत 5 लाख 60 हजार रुपए बताई जाती है. साथ ही कार से ड्रग्ज गिनने के लिए इस्तेमाल किए जानेवाले तीन डिजिटल वजन कांटे, एक मोबाइल और कार सहित कुल 9 लाख 82 हजार रुपए का माल जब्त कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को आरोपी को वणी के न्यायालय में पेश कर 14 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. आरोपी श्रेयस पाटिल की गिरफ्तारी के कारण ड्रग्ज बिक्री के बडा रैकेट का पर्दाफाश होने की संभावना जताई जा रही है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता के मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात, वणी के उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुरेश दलवे के मार्गदर्शन में शिरपुर के थानेदार संतोष मनवर, पीएसआई धीरज गुल्हाने, सूरज साबले, इकबाल शेख, प्रशांत झोड, पंकज कुलमेथे, परमेश्वर दराडे, किरण दासरवार, सुनील दुबे के दल ने की.