बडनेरा जुनीबस्ती के फ्लाईओवर का काम 6 साल से अधूरा

हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान, जनहित याचिका दायर करने के आदेश

नागपुर/दि.5 अमरावती जिले के बडनेरा में पिछले छह वर्षों से पुराने बायपास मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के उपर फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य जारी है. हालांकि इस परियोजना को लगातार फंड की कमी का सामना करना पड रहा हैं, जिसके कारण निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी हो गई हैं. इसका सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पडा हैं और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है. इस गंभीर स्थिति पर बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दायर करने के आदेश दिए हैं.
न्यायमुर्ति अनिल किलोर और न्यायमुर्ति राज वाकोडे की पीठ ने बुधवार को अखबार में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए यह निर्णय लिया है. खबर के अनुसार पुरानी बस्ती के पास बायपास मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर वर्ष 2020 में नए फ्लाई ओवर के प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी. वर्ष 2021 में निर्माण कार्य शुरू हुआ. 650 मीटर लंबे इस फ्लाई ओवर के लिए 36 करोड रुपए का बजट स्वीकृत किया गया था. कई अडचणों के बीच बन रहे इस फ्लाईओवर को अब वित्तीय संकट का सामना करना पड रहा हैं. अत्यंत सीमित निधी मिलने के कारण पिछले एक वर्ष से अंतिम चरण का काम धीमी गति से चल रहा हैं.

मुख्य जिम्मेदारी महारेल की
इस रेलवे फ्लाईओवर के निर्माण की मुख्य जिम्मेदारी महारेल की हैं. नागरिकों में काम की ढिलाई को लेकर असंतोष है. दो सांसदों के कार्यकाल में भी अधूरा पडे इस फ्लाईओवर का काम शीघ्र पूरा किया जाए, ऐसी मांग की जा रही हैं. वहीं दूसरी ओर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया वास्तविक निर्माण शुरू होने के बाद भी चार वर्षो तक चलती रही. सडक किनारे की जमीन के लिए बहुत कम मुआवजा मिलने से भूमि दाताओं में अब भी नाराजगी हैं. इस गंभीर स्थिति पर हाईकोर्ट ने अब स्वत: संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका दर्ज करने का निर्देश दिया. साथ ही , अदालत ने एड. सुमित दंडे को न्यायालय मित्र नियुक्त करते हुए उन्हें इस मुद्दों पर दो सप्ताह के भीतर उचित याचिका तैयार कर रजिस्ट्री में दाखिल करने के आदेश दिए हैं.

* पहले फ्लाई ऐश का कारण, अब फंड की कमी
खबर के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले रूके निर्माण कार्य के लिए फ्लाई ऐश उपलब्ध न होने का कारण बताया गया था. अब पर्याप्त फंड न मिलने की बात सामने आई हैं. फ्लाई ओवर के ढलान को भरने के लिए अभी भी लगभग 100 डंपर फ्लाई ऐश की आवश्यकता हैं. ऐसे में काम पूरा होने में और कितना समय लगेगा, यह कहना कठिन हैं. इस मार्ग से आने-जाने वाले विद्यार्थी, एमआईडीसी के कामगार तथा आसपास के गांवों से नियमित कार्य के लिए शहर आनेवाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड रहा हैं.

Back to top button