भोंदूबाबा खरात का ‘रत्न सप्लायर’ फंसा

महेश कलंत्री की अब एसआईटी जांच!

नाशिक /दि.11- महिला लैंगिक शोषण मामले में पुलिस हिरासत में मौजूद भोंदूबाबा अशोक खरात ने समस्याओं के समाधान और व्यवसाय में तरक्की के लिए कई लोगों को मंत्र से अभिमंत्रित नकली रत्न और पत्थर बेचे थे. बाजार में 100 रुपये किलो में मिलने वाले चिंचोके को पत्थरों की तरह चमकाकर वह बड़ी रकम में बेचता था. जांच में सामने आया है कि खरात को ये नकली पत्थर महेश कलंत्री नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था. विशेष जांच दल (एसआईटी) अब इस कलंत्री से पूछताछ करेगा.
सात महीने की गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में खरात फिलहाल पुलिस हिरासत में है. खरात के खिलाफ यह तीसरा मामला है और कई पहलुओं की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है. खरात ने शिकायतकर्ता पुरुष को बताया था कि सातवें महीने में गर्भवती महिला को बुरी नजर और दुष्ट शक्तियों से बचाकर रखना पड़ता है.
खरात बाजार में 100 रुपये किलो में मिलने वाले चिंचोके लाता था, उन्हें घिसकर साफ करता था. वे पत्थरों की तरह चमकने लगते तो वह उन्हें मंत्र से अभिमंत्रित बताकर 10 हजार से 1 लाख रुपये तक में बेचता था. नकली पत्थरों और रत्नों के मामले में उसने यही किया. अहिल्यानगर के एक कपड़ा व्यापारी को व्यवसाय में तरक्की के लिए मंत्र से अभिमंत्रित पुखराज और हीरे के साथ सोने की अंगूठी देने के नाम पर उससे 20 ग्राम सोने की अंगूठियां ले लीं और बाद में तांबे की अंगूठियां दे दीं. जिस पुखराज रत्न की बाजार कीमत ढाई हजार रुपये है, उसे 75 हजार रुपये प्रति नग में बेचकर ठगी करने का मामला सामने आया है.
जांच में सामने आया कि भोंदूबाबा को नकली पत्थर नाशिक के महेश कलंत्री नामक व्यक्ति देता था. इस व्यक्ति की एसआईटी जांच करेगी, ऐसा जांच अधिकारियों ने बताया. खरात कब से उससे नकली पत्थर और रत्न खरीद रहा था और अब तक उसने कितने नकली पत्थर खरीदे, इसका खुलासा जल्द ही होगा.

Back to top button