‘अल-नीनो’ की दृष्टि से तैयारी शुरु, अकाल का सामना करने प्रशासन सतर्क

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दी जानकारी

नागपुर /दि.21- राज्य में अकालसदृष्य संभावित परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार ने व्यापक उपाययोजना तैयार करनी शुरु कर दी है तथा प्रशासन को पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है, ऐसी जानकारी राज्य के राजस्व मंत्री व जिला पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा दी गई.
यहां पर मीडिया के साथ बातचीत में पालकमंत्री बावनकुले ने बताया कि, मंत्रीमंडल की बैठक में सभी पालकमंत्रियों को ‘अल-नीनो’ के प्रभाव की पार्श्वभूमि के मद्देनजर आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए थे. जिसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी जिलाधिकारियों से चर्चा कर हालात का जायजा लिया. राज्य में अकाल की संभावित परिस्थिति पर सरकार की भूमिका व उपाययोजना को लेकर जल्द ही विस्तृत बैठक होगी. जिसमें विविध बातों की समीक्षा की जाएगी.
इसके साथ ही मंत्री बावनकुले ने महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टीयों की जमकर आलोचना की. आलोचना करते हुए कहा कि, कांग्रेस ने लाडली बहनों के साथ विश्वासघात किया है. जिसकी कीमत आगे चलकर कांग्रेस को चुकानी होगी. पीएम नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के लिए संसद में बडे पैमाने पर अवसर उपलब्ध कराने का मौका उपलब्ध कराया था. परंतु कांग्रेस ने अनुसूचित जाति-जनजाति व ओबीसी सहित अन्य घटकों की महिलाओं को आगे बढने से रोकने का काम किया है.
यवतमाल जिले से आदिवासी लडकियों के लापता हो जाने से संबंधित मामले पर अपने विचार व्यक्त करते हुए मंत्री बावनकुले ने कहा कि, इससे संबंधित जानकारी गृह विभाग के पास है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद इस मामले में ध्यान दे रहे है. इसे विदर्भ के लिहाज से बेहद गंभीर विषय बताते हुए मंत्री बावनकुले ने कहा कि, वे खुद भी इस मामले की ओर ध्यान दे रहे है. साथ ही साथ आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके द्वारा पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है.

* ‘परतवाडा’ को लेकर अनावश्यक बयानों की जरुरत नहीं
परतवाडा में उजागर यौन शोषण मामले के बारे में मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री बावनकुले ने भाजपा के स्थानीय नेताओं की ओर से की जानेवाली अनर्गल बयानबाजी को अनावश्यक बताया. साथ ही कहा कि, पूरी तरह से अधिकृत जानकारी के सामने आने तक किसी भी तरह के आरोप-प्रत्यारोप को टाला जाना चाहिए, यह अपने-आप में बेहद संवेदनशील मामला है. ऐसे में दो समुदायों में तनाव निर्माण होकर अमरावती का वातावरण बिगड भी सकता है. इस बात को ध्यान में रखते हुए सभी ने सावधानी व सतर्कता भी बरतनी चाहिए.

Back to top button