दसवीं-बारहवीं की परीक्षा फीस लौटाएगी सरकार

अतिवृष्टि और बाढ से प्रभावित क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ

* राशि छात्र या अभिभावकों के बैंक खाते में होगी जमा
अकोला/दि.30– महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने साल 2025-26 शैक्षणिक सत्र के लिए एक अहम फैसला लेते हुए अतिवृष्टि और बाढ से प्रभावित क्षेत्रों के दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा फीस पूरी तरह वापस करने का निर्णय लिया है. इस फैसले से राज्य के 29 जिलों और 282 तहसीलों के पात्र विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सरकार ने साफ किया है कि, प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पडे, इसलिए परीक्षा शुल्क की प्रतिपूर्ति सीधे विद्यार्थियों अथवा उनके अभिभावकों के बैंक खाते में जमा की जाएगी. इस निर्णय से हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है. फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित होनेवाली बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकरण करानेवाले नियमित विद्यार्थियों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा. शिक्षा विभाग को इस निर्णय पर तत्काल अमल करने के निर्देश दिए गए है. राज्य में 319 आंशिक रुप से प्रभावित और 251 पूर्ण रुप से प्रभावित तहसीलों को इस योजना में शामिल किया गया है. अतिवृष्टि से प्रभावित जिलो के विद्यार्थियों के लिए यह फैसला बडी राहत माना जा रहा है.

* ऑनलाइन प्रक्रिया शुरु, 2 मई अंतिम तारीख
इस योजना के लिए स्कूलों और कनिष्ठ महाविद्यालयों को मंडल की अधिकारिक वेबसाइट पर लॉगइन कर विद्यार्थियों की जानकारी दर्ज करनी होगी. 20 अप्रैल से यह प्रक्रिया शुरु हो चुकी है और 2 मई 2026 तक सभी विवरण भरना अनिवार्य किया गया है. विद्यार्थियों का नाम, बैठक क्रमांक, आधार नंबर, बैंक खाता नंबर और आईएफएससी कोड सहित सभी जानकारी सावधानी से भरने के निर्देश दिए गए है. पात्र विद्यार्थियों का सही पंजीयन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित स्कूलों पर डाली गई है.

Back to top button