राष्ट्रवादी में बड़ा फेरबदल

पार्थ और जय पवार को बड़ी जिम्मेदारी

* लेकिन प्रफुल्ल पटेल का नाम गायब
मुंबई/दि.12 – महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता अजित पवार के निधन को चार महीने से ज्यादा समय हो चुका है. अब फिलहाल राष्ट्रवादी कांग्रेस अजित पवार गुट में बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है. राष्ट्रवादी कांग्रेस अजित पवार गुट ने हाल ही में केंद्रीय चुनाव आयोग को राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की है, जिसकी जानकारी सामने आई है. इससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है. इस सूची में पार्टी के कार्याध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल का नाम नहीं होने की जानकारी सूत्रों ने दी है. वहीं दूसरी तरफ अजित पवार के पुत्र जय पवार को पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है.
* क्या-क्या बदलाव हुए?
सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग को दिए गए पत्र में प्रफुल्ल पटेल के नाम का उल्लेख नहीं होने से सभी हैरान हैं. साथ ही अजित पवार के दोनों पुत्रों को पदोन्नति दी गई है. पार्थ पवार को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि उनके छोटे भाई जय पवार को राष्ट्रीय सचिव पद पर नियुक्त किया गया है.
हालांकि इस सूची में कई दिग्गज नेताओं को शामिल नहीं किया गया है. सुनील तटकरे, छगन भुजबल और दिलीप वलसे पाटिल जैसे वरिष्ठ नेताओं का नाम इस सूची में नहीं होने की बात कही जा रही है. विशेष रूप से सुनील तटकरे पहले राष्ट्रीय महासचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
* सुनेत्रा पवार ने बताया तकनीकी गलती
इस सूची पर चर्चा शुरू होते ही अजित पवार की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने ट्वीट कर इसे तकनीकी गलती बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस के पदाधिकारियों की जो सूची मीडिया में चल रही है, उसमें कुछ तकनीकी गलतियाँ हैं, जिन्हें जल्द ही सुधारा जाएगा. इस संबंध में 29 तारीख को ही चुनाव आयोग को पत्र देकर सुधार की मांग की गई है.
* पार्टी के अंदर चर्चा तेज
प्रफुल्ल पटेल पार्टी के बेहद विश्वसनीय और अनुभवी नेता माने जाते हैं. ऐसे में उनका नाम सूची से गायब होना सिर्फ तकनीकी गलती है या इसके पीछे कोई राजनीतिक समीकरण है, इस पर चर्चा हो रही है. वहीं जय पवार और पार्थ पवार की नियुक्ति से साफ है कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को आगे बढ़ा रही है.

Back to top button