मेलघाट में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने प्रशासन प्रतिबद्ध

जिलाधिकारी आशिष येरेकर का कथन

* सलोना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण, कर्मचारियों की समस्याएं जल्द सुलझाने का आश्वासन
अमरावती/दि.15- मेलघाट क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है. स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपना कार्य करना चाहिए, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. यह विश्वास जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने व्यक्त किया.
जिलाधिकारी श्री येरेकर ने हाल ही में धारणी तहसील के सलोना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की. इस दौरान अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास आठवले, तालुका स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र नाडे, वैद्यकीय अधिकारी डॉ. केशव कंकाळ तथा डॉ. शिरसाठ उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरे स्वास्थ्य केंद्र की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की. उन्होंने औषधि भंडार में दवाओं के स्टॉक और उनकी एक्सपायरी डेट की भी बारीकी से जांच की. प्रसूति कक्ष में उपलब्ध सभी चिकित्सा उपकरण सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए. बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जांच के लिए उन्होंने स्वयं जनरेटर चालू कर उसकी कार्यक्षमता की पड़ताल की. कनिष्ठ सहायक कार्यालय में विभिन्न रंगों की फाइलों के माध्यम से दस्तावेजों का व्यवस्थित वर्गीकरण देखकर जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की कार्यशैली और अनुशासन की सराहना की.
इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारियों के आवासों का निरीक्षण कर उनकी समस्याएं जानीं. आवासों की मरम्मत संबंधी आवश्यकताओं का तत्काल अहवाल जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश देते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक दुरुस्ती जल्द कराई जाएगी. जिलाधिकारी ने 102 एम्बुलेंस चालकों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है. यदि किसी मरीज से पैसे मांगने की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु बाल उपचार केंद्र में आवश्यक बेड की व्यवस्था कर उसे जल्द शुरू करने के निर्देश भी वैद्यकीय अधिकारियों को दिए.

Back to top button