जिलाधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक

जिलाधीश येरेकर ने दिए आवश्यक निर्देश

अमरावती/दि.15– अलनीनो के प्रभाव से जिले में संभावित जलसंकट और अन्य परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरु कर दी है. इसी पृष्ठभूमि में जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने वीडियो कॉफ्रेंस प्रणाली के माध्यम से एक समीक्षा बैठक लेकर जिले की पानी की स्थिति, जलसंधारण, कृषि तथा चारे की उपलब्धता को लेकर विभिन्न विभागों से जानकारी प्राप्त की और आगामी उपाययोजनाओं का नियोजन किया.
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में निवासी उपजिलाधिकारी ज्ञानेश्वर घ्यार उपस्थित थे. बैठक में बताया गया कि, अलनीनो के कारण जलस्त्रोतों पर असर पडने की संभावना है, इसलिए उपाय के रुप में जलसंधारण कार्यो पर विशेष जोर दिया जाएगा.
इस दौरान जिला जल संधारण अधिकारी ने जिले में उपलब्ध पानी की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी. जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने जलयुक्त शिवार अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए तालाबों और नालों से गाद निकालने, नहरों की मरम्मत, चेक डैम कार्य, नाला गहरीकरण जैसे जलसंधारण कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. साथ ही जलसंधारण कार्यो का मैपिंग करने के भी आदेश दिए.
पीने के पानी को लेकर विशेष नियोजन के निर्देश : ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पीने के पानी की संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी येरेकर ने जलापूर्ति यंत्रणाओं को आवश्यक नियोजन करने को कहा. ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक बोअरवेल पर सोलर पंप लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. साथ ही जिले के जलाशयों में उपलब्ध पानी का उपयोग प्राथमिकता से पीने के लिए करने की बात कही गई. शहरी क्षेत्रों में नल कनेक्शन की जांच कर पानी की लिकेज तत्काल दुरुस्त करने और इस संबंध में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण को सूचित करने के निर्देश दिए.

Back to top button