दो पिस्तौल व 92 कारतूस के साथ तीन युवक धरे गए
बुलढाणा जिले में एटीएस ने की छापामार कार्रवाई

* अकोला व नागपुर की संयुक्त टीम ने अंत्रीकुली गांव में मारा छापा
* हथियारों के साथ कार में घुम रहे थे तीनों आरोपी युवक
* कार्रवाई में कार सहित एक चाकू व आयफोन भी जब्त
बुलढाणा/दि.19- बुलढाणा जिले में आज उस समय सनसन मच गई जब अकोला व नागपुर से आयी आतंकवाद विरोधी पथक यानी एटीएस की टीम ने बुलढाणा जिले में रायपुर के पास स्थित अंतरीकुली गांव में छापामार कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को दो पिस्तौल, 92 कारतूस व एक चाकू जैसे सामान के साथ गिरफ्तार किया. जिसके बाद तीनों युवकों द्बारा प्रयोग में लाई जा रही कार सहित उनके पास से एक आयफोन तथा पिस्तौल कारतूस व चाकू को जब्त किया गया. पकडे गए युवकों में शुभम पवार व रोहित शिंदे सहित एक अन्य युवक का समावेश हैं. इन तीनों युवकों के साथ अब एटीएस सहित बुलढाणा पुलिस द्बारा कडाई के साथ पूछताछ की जा रही है, जिसके तहत यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इन युवकों ने हथियारो की यह खेप कहां से व किसके पास से लाई थी और ऐसे घातक हथियारों को साथ लेकर घुमने के पीछे उनका क्या उद्देश्य था. इसके साथ ही पुलिस द्बारा इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि कही इन युवकों का किसी अपराधिक गैंग के साथ कोई वास्ता तो नहीं और कही वे किसी बडी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे.





