मां से मुलाकात कर निकले युवक की कार दुर्घटना में मौत

वणी-यवतमाल मार्ग के निंबाला फाटा की घटना

यवतमाल /दि.22– ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही पिकअप के साथ कार की आमने-सामने भिडंत हो गई. इस दुर्घटना में मारेगांव निवासी कार चालक सचिन जगन देवालकर (37) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. यह घटना मंगलवार 19 मई की रात 9.15 बजे के दौरान वणी-यवतमाल मार्ग पर निंबाला फाटा के पास घटित हुई.
जानकारी के मुताबिक सचिन देवालकर यह मारेगांव का रहने वाला है. वह चंद्रपुर की निजी कंपनी में व्यवस्थापक के रुप में काम कर रहा था. मंगलवार को किसी काम से वह खुद की कार से यवतमाल गया था. रात को चंद्रपुर वापिस लौटते समय वह मारेगांव में कुछ देर रुका. उसने अपनी मां और दोस्तों के साथ मुलाकात की.पश्चात वह चंद्रपुर की तरफ रवाना हुआ. वणी-यवतमाल मार्ग के निंबाला गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय अचानक सामने से आये पिकअप वाहन और कार के बीच आमने-सामने भिडंत हो गई. दुर्घटना की जानकारी मारेगांव पहुंचते ही उसके मित्रगण दुर्घटना स्थल की तरफ दौड पडे. सचिन को तत्काल मारेगांव के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित किया. उसके पीछे माता, पत्नी व दो बेटों का परिवार है. बुधवार 20 मई को मारेगांव में शोकाकुल वातावरण में उसका अंतिम संस्कार किया गया. वृद्धावस्था में मां के इकलौते बेटे की दुर्घटना में मृत्यु हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा है. वणी पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button