कुल्हाडी से वार कर वृद्ध महिला की हत्या
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

* यवतमाल जिले के उमरखेड तहसील की घटना
यवतमाल /दि.31- यवतमाल जिले के उमरखेड तहसील में आने वाले शांतिनगर मुलावा में 60 वर्षीय आदिवासी वृद्ध महिला की कुल्हाडी से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना प्रकाश में आने के बाद पुलिस में आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया. मृतक महिला का नाम रुख्माबाई शंकर सरकुंडे (60) है. जबकि आरोपी का नाम गजानन खंडू डांगे (42) है.
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2025 में रुख्माबाई और आरोपी गजानन डांगे अपने-अपने परिवार के साथ गन्ना कटाई के लिए शिउर फैक्टरी में गये थे. वहां से लौटने के बाद आरोपी गजानन अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा था और उसे यह भ्रम हो गया था कि, रुख्माबाई उसकी पत्नी को गलत मार्ग पर ले जा रही है. इसी बात को लेकर वह अक्सर रुख्माबाई से झगडा करता था और उसे धमकी देता था. 23 जुलाई को रुख्माबाई अपने बेटे लक्ष्मण सरकुंडे से मिलने खरशी गांव गई थी. उस दौरान उसने अपने बेटे को बताया था कि, गजानन डांगे उसे लगातार परेशान कर रहा है और झूठे आरोप लगा रहा है. 29 जुलाई की रात 8.30 बजे लक्ष्मण सरकुंडे को उसके रिश्तेदार रंगराव कुरुडे ने फोन कर सूचना दी कि, गजानन डांगे ने रुख्माबाई के सिर और चेहरे पर कुल्हाडी से अनेक वार किये है. इस हमले में उनकी मृत्यु हो गई. यह जानकारी मिलते ही लक्ष्मण सहित परिवार के सदस्य शांतिनगर मुलावा पहुंचे. घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि, रुख्माबाई का शव घर में खून से लथपथ पडा है. प्राथमिक जांच में सामने आया कि, आरोपी गजानन डांगे ने पत्नी को गलत रास्ते पर ले जाने के संदेह में यह हत्या की. लक्ष्मण सरकुंडे की शिकायत के आधार पर पोफाली पुलिस ने आरोपी गजानन डांगे के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.





