शिवटेकडी पर गर्मी से राहत के लिए लगाए पानी के फव्वारे

मॉर्निंग वॉक करनेवालों को मिली बडी राहत

अमरावती/दि.26- बढते तापमान को लेकर हर कोई परेशान है. भीषण गर्मी में नागरिक ठंडक और सुकूनभरा वातावरण तलाशने की कोशिश कर रहा है. गर्मी की तीव्रता से बचाव और शीतल वातावरण में सुबह व्यायाम किया जा सके, इसके लिए स्थानीय शिवटेकडी पर पानी के फॉगर्स (छोटे फव्वारे) लगाए गए है. जिससे यहां मॉनिंग वॉक करनेवाले नागरिकों को बडी राहत मिली है. साथ ही पक्षी और पेडों को भी जीवनदान मिला है.
पिछले कई दिनों से शहर के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. तापमान का पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है और भीषण गर्मी से लोग बेहाल है. सुबह सात-आठ बजे से ही तेज धूप और गर्मी का असर महसूस होने लगता है. शहर के अधिकांश नागरिक सुबह सैर और व्यायाम करने के लिए शिवटेकडी को पसंद करते है. यहां मॉर्निंग वॉक करनेवालों की संख्या लगातार बढ रही है. लेकिन मौजूदा भीषण गर्मी में सुबह 8 बजे के बाद ही धूप तेज हो जाती है. जिससे व्यायाम करनेवाले लोगों को काफी परेशानी होती है.
भीषण गर्मी की समस्या से व्यायाम करनेवालों को निजात दिलाने के लिए शिवटेकडी संवर्धन समिति की ओर से टेकडी पर पेडों के बीच फव्वारे लगाए गए है. लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र में 10 से 15 फीट की दूरी पर पेडों पर ये पानी के फव्वारे लगाए गए है. इन फव्वारों की ठंडक से गर्मी की तपिश से नागरिकों को बडी राहत मिल रही है. इन फव्वारों को लगाने के लिए रोज मॉर्निंग वॉक पर आनेवाले प्रकाश धोटे, प्रकाश राऊत, सुनील देशमुख, संजय जाधव, बिट्टू सलूजा, एड. श्रीकांत खोरगडे, गुड्डू साखरे आदि कई लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया है.

* नागरिकों के साथ-साथ पेडों और पक्षियों को भी फायदा
6 वर्ष पहले टेकडी के सामनेवाले हिस्से में फवारे लगाए गए थे. इस वर्ष बढते तापमान को देखते हुए केवल नागरिक ही नहीं, बल्कि पक्षी और पेडों की भी चिंता थी. इसलिए फव्वारों का क्षेत्र सीमित न रखते हुए उसकी लंबाई बढाई गई है. अब सुबह से इस क्षेत्र में पक्षियों की चहचहाट सुनाई देती है, जो मन को सुकून देती है. साथ ही पेडों को भी पर्याप्त मात्रा में पानी मिल रहा है और नागरिकों को भी गर्मी से राहत मिल रही है.
– प्रकाशदादा धोटे

Back to top button