नागपुर में त्रिकोणीय प्रेम संबंध बना खूनी संघर्ष का कारण
पान दुकान के सामने युवक की चाकू मारकर हत्या

नागपुर/दि.10 – महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर में प्रेम संबंधों को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार देर रात एक युवक की जान ले ली. यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के संघर्ष नगर से सटे टिपू सुल्तान चौक में आधी रात के बाद हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
मृतक की पहचान 24 वर्षीय सलमान अशफाक अंसारी निवासी संघर्ष नगर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सलमान का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. इसी संबंध को लेकर उसका मुजम्मिल नामक युवक से लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़े की घटनाएं सामने आई थीं.
* आधी रात को आमना-सामना, फिर हुआ खूनी हमला
मंगलवार रात लगभग साढ़े बारह बजे टिपू सुल्तान चौक स्थित एक पान दुकान के सामने दोनों युवकों का आमना-सामना हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई. विवाद बढ़ने पर आरोपी मुजम्मिल ने कथित रूप से धारदार चाकू से सलमान पर कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल सलमान लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सरकारी मेयो अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
* घटना के बाद इलाके में तनाव
हत्या की खबर फैलते ही संघर्ष नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया. देर रात तक पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए थे.
* आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी मुजम्मिल के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. हत्या की वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया. यशोधरा नगर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
* नागपुर में बढ़ रही हत्या की घटनाएं
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में नागपुर शहर में यह हत्या की लगभग 40वीं घटना है. यशोधरा नगर क्षेत्र में इस वर्ष यह दूसरा हत्या का मामला है. शहर में सबसे अधिक हत्या की घटनाएं पुलिस उपायुक्त जोन-6 के अंतर्गत आने वाले जरिपटका, कपिलनगर, कोराडी, नई कामठी, पुरानी कामठी और खापरखेड़ा क्षेत्रों में दर्ज की गई हैं. अकेले इस जोन में अब तक 11 हत्याएं हो चुकी हैं.
* प्रेम प्रसंग को माना जा रहा मुख्य कारण
प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम संबंधों को लेकर चली आ रही रंजिश को हत्या का प्रमुख कारण मान रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है.





