टीएमसी और शरद पवार गुट का कांग्रेस में विलय हुआ तो फायदा भाजपा को
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दो टूक कहा

* पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस को डूबता जहाज बताया
मुंबई /दि.13– मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अगर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का कांग्रेस में विलय होता है, तो इसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को ही मिलेगा. पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है और ऐसे में कोई भी दल उसमें शामिल होने का जोखिम नहीं उठाएगा. उन्होंने कहा कि राजनीतिक चर्चाओं में अतिशयोक्ति नहीं करनी चाहिए और इस तरह की बातें केवल भ्रम पैदा करती हैं.
फडणवीस ने व्यंग्य करते हुए कहा, बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना यह टिप्पणी उन्होंने इन विलय की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कही और साथ ही विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसा कोई राजनीतिक गठबंधन या विलय होता भी है, तो इससे भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि विपक्षी दलों के कमजोर होने से भाजपा को और अधिक राजनीतिक स्थान मिलेगा. मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार मजबूत स्थिति में है और कई राज्यों में एनडीए की सरकारें कार्यरत हैं. उन्होंने जीएसटी संग्रह, डिजिटल लेनदेन, यूपीआई विस्तार, प्रत्यक्ष कर संग्रह और गरीबी उन्मूलन योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों की सराहना की.
फडणवीस ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण लाखों लोग गरीबी से बाहर आए हैं और देश आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है. उन्होंने दावा किया कि 81 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा, करोड़ों किसानों को पीएम किसान योजना का लाभ और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण योजनाओं का फायदा मिला है. उन्होंने कहा कि ऐसे राजनीतिक घटनाक्रमों पर सरकार की नजर है, लेकिन फिलहाल उनकी कोई प्रत्यक्ष प्रतिक्रिया नहीं है हम वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं.





