खामगांव एसडीओ कार्यालय के प्रवेश द्वार पर आग लगाने की कोशिश
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

खामगांव/दि.18 – खामगांव स्थित उपविभागीय अधिकारी कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर मंगलवार देर रात आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, किसान नेता रविकांत तुपकर द्वारा किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग को लेकर बुलढाणा में चलाए जा रहे अन्नत्याग आंदोलन के बीच यह घटना हुई है. हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक यह पुष्टि नहीं की गई है कि आग लगाने वाले लोगों का आंदोलन से कोई संबंध है. इस मामले में नायब नाझर संदीप वासुदेव कलोरे (52) ने खामगांव शहर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, 17 जून की रात करीब 2 बजे दो अज्ञात व्यक्तियों ने एसडीओ कार्यालय के मुख्य गेट पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगाने का प्रयास किया.
बुधवार सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो मुख्य प्रवेश द्वार का बायां हिस्सा जला हुआ मिला. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय परिसर के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए. फुटेज में उन्हें प्रवेश द्वार की ओर ज्वलनशील सामग्री फेंकते हुए देखा गया है. घटना में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है. खामगांव शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की जांच प्रशांत श्रृंगारे कर रहे हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. प्रशासन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है.





