जख्मियों को अस्पताल मिलने पहुंचे बलवंत वानखड़े और यशोमती ठाकुर
भिवापुर की दो बहनें गाज गिरने से हुई थी घायल

अमरावती/दि.30– अमरावती जिले में गाज गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, भिवापुर निवासी बीबीचंद वासुदेव राठोड़ (35) खेत में काम कर रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, शेंदोला (बु.) निवासी दो सगी बहनें खुशी धस्कट (15) और आरोही धस्कट (10) भी गाज गिरने सेे घायल हो गईं.
घटना की जानकारी मिलते ही अमरावती लोकसभा क्षेत्र के सांसद बलवंत वानखड़े तथा पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर ने इर्विन अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस दौरान जिला शल्य चिकित्सक डॉ. पवार, तिवसा तहसील कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं नगरसेवक वैभव वानखड़े तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.





