बालासाहेब ठाकरे स्मारक निर्माण को लेकर शिवसेना पदाधिकारी आक्रामक
वडाली गार्डन में प्रस्तावित स्मारक व सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.30- स्थानिय वडाली गार्डन परिसर में प्रस्तावित हिंदू हृदयसम्राट एवं शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के राष्ट्रीय स्तर के स्मारक तथा परिसर के सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर शिवसेना पदाधिकारी सोमवार को आक्रामक हो गए. इस संबंध में शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती महानगरपालिका आयुक्त से मुलाकात कर लंबित परियोजना को तत्काल शुरू करने की मांग की. शिवसेना पदाधिकारियों ने बताया कि वडाली गार्डन में बालासाहेब ठाकरे स्मारक, पर्यटन विकास तथा सौंदर्यीकरण कार्य के लिए महानगरपालिका द्वारा लगभग चार वर्ष पूर्व प्रस्ताव मंजूर किया गया था. इसके बावजूद आज तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है. कई बार निवेदन और स्मरणपत्र देने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से शिवसैनिकों में नाराजगी व्याप्त है.
मनपा आयुक्त के दालन में पहुंचे शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का स्मारक केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लाखों शिवसैनिकों की भावनाओं से जुड़ा विषय है. ऐसे में स्वीकृत परियोजना का वर्षों तक लंबित रहना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने मांग की कि स्मारक निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य तत्काल शुरू किया जाए. शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो पार्टी की ओर से व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. उन्होंने कहा कि स्मारक परिसर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर शहर की पहचान को नई दिशा दी जा सकती है.
इस अवसर पर शिवसेना गटनेता डॉ. राजेंद्र तायडे, स्वीकृत नगरसेवक दिनेश बुब, जिलाप्रमुख संतोष बद्रे, शहर प्रमुख अजय महाले, उपशहर प्रमुख नितेश शर्मा, उपशहर प्रमुख अजमत शाह, आशिष लुल्ला, क्रीड़ा जिलाप्रमुख समीर कोरपे, प्रभाग प्रमुख विकेश गवाले, अमर करिशिया, शुभम साबले, राजेश पाठक, सूरज बरडे, शुभम दमाये, सचिन पाटील, शेख सिकंदर, सारंग भोयर सहित शिवसेना के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.