राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में 58 शिकायतों की सुनवाई

पीड़ित महिलाओं को तत्काल कार्रवाई का भरोसा

* अध्यक्ष विजया रहाटकर ने हर शिकायतकर्ता से की व्यक्तिगत मुलाकात
* गंभीर मामलों में पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश
अमरावती/दि.4– राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित नियोजन भवन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया. इस दौरान कुल 58 शिकायतों पर सुनवाई की गई. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सभी शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
जनसुनवाई के दौरान संभागीय आयुक्त नयना गुंडे, जिलाधिकारी आशिष येरेकर, विशेष पुलिस महानिरीक्षक महेश पाटील, पुलिस आयुक्त राकेश ओला, जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम सहित आयोग के अधिकारी उपस्थित थे. जनसुनवाई के लिए आए सभी शिकायतकर्ताओं का पंजीकरण कर उन्हें टोकन नंबर दिए गए. नियोजन भवन में दो अलग-अलग पैनल बनाकर महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं. संवेदनशील मामलों में श्रीमती रहाटकर ने स्वयं शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर तथ्यों की जानकारी ली.
सुनवाई के दौरान कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, आपसी समझौते तथा घरेलू हिंसा से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए. कुछ गंभीर मामलों में शिकायतकर्ताओं की बात सुनने के बाद श्रीमती रहाटकर ने पुलिस अधिकारियों को तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा उसकी प्रति आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. वहीं, आपसी सहमति वाले कुछ मामलों में दोनों पक्षों ने साथ रहने पर सहमति भी जताई. राष्ट्रीय महिला आयोग ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. आयोग इन मामलों की लगातार निगरानी करेगा और एफआईआर दर्ज होने से लेकर आरोप-पत्र दाखिल होने तक प्रकरणों का अनुसरण किया जाएगा, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके. जिन शिकायतों पर महिला आयोग सीधे कार्रवाई नहीं कर सकता, उन मामलों में संबंधित महिलाओं को आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन दिया गया तथा उनकी शिकायतें सक्षम प्राधिकरण को भेजने की व्यवस्था की गई. इस अवसर पर विजया रहाटकर ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित की जा रही जनसुनवाई से महिलाओं में अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ रही है.

Back to top button