तेज़ रफ्तार एसटी बस की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत
चालक हिरासत में, वलगांव थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.6- अमरावती जिले के वलगांव- दर्यापूर मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार एसटी बस की टक्कर से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा खरातलेगांव के पास हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने एसटी बसों की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल उठाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है. मृतक की पहचान आकाश ज्ञानेश्वर शिंदे (22) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था. इसी दौरान बडनेरा डिपो की एसटी बस क्रमांक एमएच-40/वाय-5181 ने खरातलेगांव के पास उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की असमय मौत से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की सूचना मिलते ही वलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एसटी बस को जब्त कर लिया है तथा बस चालक अमोल चव्हाण को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सार्वजनिक परिवहन चालकों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे सड़क हादसों में निर्दोष लोगों की जान जा रही है, ऐसे में प्रशासन को सड़क सुरक्षा के प्रति और अधिक गंभीर होने की आवश्यकता है.





