मेलघाट में नीलगाय का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार

सुसर्दा वन परिक्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.6- सुसर्दा वन परिक्षेत्र में नीलगाय का शिकार किये जाने की घटना उजागर हुई है. इस प्रकरण में वनविभाग और अमरावती क्राईम सेल के दल ने 3 जुलाई को डाबका शिवार में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. न्यायालय ने उनका जमानत मंजूर कर ली है.
शिकार किये नीलगाय का एक पैर व सिंग काटकर आरोपी ले गये थे. यह बात जांच में सामने आयी है. इस प्रकरण में डाबका निवासी अनिल रामलाल कास्देकर, सोनाजी उर्फ भिल्या कुंजीलाल भिलावेकर और अनारसिंग सुखराम सावलकर को कब्जे में लिया गया था. 1 जुलाई को सुसर्दा परिक्षेत्र के जानपानी बीट वनखंड क्रमांक-1183 के डाबका तालाब के पास एक नीलगाय मृतावस्था में रहने की जानकारी वनविभाग को मिली. वन कर्मचारियों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर वहां का जायजा किया, तब वन्यजीव शिकार का यह मामला प्रकाश में आया. अज्ञात शिकारी नीलगाय का पैर और सिंग काटकर ले गये थे. वनविभाग ने तत्काल मामला दर्ज कर पंचनामा किया. घटना की गंभीरता को देखते हुए 2 जुलाई को धारणी के पशुधन विकास अधिकारी, सहायक वनसंरक्षक और सुसर्दा परिक्षेत्र के कर्मचारियों की उपस्थिति में मृत नीलगाय का घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम किया गया. प्रयोगशाला की जांच के लिए नीलगाय के अवयव के नमूने सुरक्षित किये गये है. पश्चात वन्यजीव नियमानुसार घटनास्थल पर ही उसका अंतिम संस्कार किया गया.

Back to top button