मूसलाधार बारिश के चलते सांधणदरी, कलसूबाई और हरिश्चंद्रगढ़ पर्यटन स्थलों पर रोक
अतिवृष्टि की चेतावनी की पृष्ठभूमि पर वन्यजीव विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लिया निर्णय

अकोला/दि.7- लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग की अतिवृष्टि चेतावनी को देखते हुए वन्यजीव विभाग ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनज़र प्रसिद्ध सांधणदरी, कलसूबाई शिखर तथा कलसूबाई-हरिश्चंद्रगढ़ अभयारण्य क्षेत्र के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अगले आदेश तक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है.
वन विभाग के अनुसार, भंडारदरा वन क्षेत्र के सांधणदरी, कोकणकडा, कलसूबाई शिखर, अलंगगढ़, मदनगढ़, कुलंगगढ़, रिवर्स वॉटरफॉल सहित अन्य खतरनाक झरनों तथा हरिश्चंद्रगढ़ वन क्षेत्र के हरिश्चंद्रगढ़, भैरवगढ़ और हापट्याचा कडा जैसे स्थलों पर पर्यटकों के जाने पर रोक रहेगी. बरसात के मौसम में यह पूरा इलाका प्राकृतिक सौंदर्य, झरनों और धुंध से घिरा होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है. हालांकि, लगातार बारिश से पहाड़ी रास्ते फिसलन भरे हो गए हैं और घाटियां घने कोहरे से ढकी हुई हैं, जिससे हादसों का खतरा काफी बढ़ गया है.
प्रशासन ने बताया कि पिछले वर्ष हरिश्चंद्रगढ़ पर घने कोहरे में कुछ पर्यटक रास्ता भटक गए थे. पूरी रात बारिश में फंसे रहने के कारण एक पर्यटक की मौत भी हो गई थी. इसके अलावा रंधा जलप्रपात सहित कई स्थानों पर फिसलकर पर्यटकों के बहने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. वन्यजीव विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि प्रतिबंध का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक इन पर्यटन स्थलों की यात्रा से बचें. विभाग ने यह भी कहा कि प्राकृतिक स्थलों पर बढ़ता कचरा भी चिंता का विषय है, इसलिए भविष्य में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त प्रतिबंधों पर भी विचार किया जा सकता है.





