क्या भाजपा में वापसी करेंगे एकनाथ खडसे?
विनोद तावड़े से मुलाकात के बाद तेज हुई अटकलें

जलगांव/दि.8– राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और विधायक एकनाथ खडसे की भाजपा में संभावित वापसी को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े द्वारा मुंबई स्थित खडसे के निवास पर मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों और उत्तर महाराष्ट्र के बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच इस मुलाकात को केवल शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि संभावित राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है. एकनाथ खडसे लंबे समय तक भाजपा के ओबीसी चेहरे और उत्तर महाराष्ट्र के प्रभावशाली नेता रहे हैं. विधायक, विपक्ष के नेता और मंत्री जैसे अहम पदों पर रहते हुए उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत किया. हालांकि, भोसरी भूमि खरीद मामले के बाद मंत्री पद से इस्तीफा देने और पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों के चलते उन्होंने भाजपा छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) का दामन थाम लिया था.
इससे पहले भी लोकसभा चुनाव के दौरान खडसे की भाजपा में वापसी की चर्चाएं सामने आई थीं. राजनीतिक सूत्रों के अनुसार उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष पार्टी में लौटने की इच्छा जताई थी, लेकिन राज्य स्तर पर कुछ नेताओं के विरोध के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका. हाल ही में विनोद तावड़े की मुलाकात ने इन चर्चाओं को फिर हवा दे दी है. माना जा रहा है कि उत्तर महाराष्ट्र में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा अनुभवी नेतृत्व को फिर से साथ लाने पर विचार कर सकती है.
हालांकि, एकनाथ खडसे ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि विनोद तावड़े उनकी बहू एवं केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे से मिलने उनके घर आए थे. उसी दौरान उन्होंने उनसे भी शिष्टाचार मुलाकात की, स्वास्थ्य की जानकारी ली और कुछ व्यक्तिगत विषयों पर बातचीत हुई. खडसे ने स्पष्ट किया कि इस मुलाकात में किसी भी प्रकार की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई. फिलहाल, खडसे के स्पष्टीकरण के बावजूद उनकी भाजपा में संभावित घर वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है.





