अमरावती में सोयाबीन के खराब अंकुरण से किसान परेशान
कृषि विभाग को 172 शिकायतें

अमरावती/दि.9- जिले में खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही सोयाबीन के खराब अंकुरण ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कृषि विभाग को अब तक 172 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें किसानों ने बीजों के अपेक्षित अंकुरण नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई है. कई स्थानों पर केवल 30 से 40 प्रतिशत बीज ही अंकुरित होने से किसानों के सामने दोबारा बुवाई का संकट खड़ा हो गया है.
कृषि विभाग के अनुसार सबसे अधिक शिकायतें चांदूर रेलवे तहसील से 78, तिवसा से 39, चांदूर बाजार से 13, अंजनगांव सुर्जी से 11, धामनगांव रेलवे से 10, नांदगांव खंडेश्वर से 7 तथा अचलपुर और भातकुली से 6-6 शिकायतें दर्ज हुई हैं. किसानों का आरोप है कि नामी कंपनियों के बीज खरीदने के बावजूद अपेक्षित अंकुरण नहीं हुआ, जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है. बीज, खाद और खेती के लिए ऋण लेने के बाद अब दोबारा बीज खरीदने की मजबूरी ने उनकी आर्थिक परेशानी और बढ़ा दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग ने प्रत्येक संबंधित तहसील में उपविभागीय अधिकारी स्तर पर विशेष जांच समिति गठित की है. समिति में कृषि अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और संबंधित बीज कंपनी का प्रतिनिधि शामिल है। यह टीम प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर रही है तथा बीजों के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि बीजों की गुणवत्ता में खामी पाई जाती है तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उन्हें शीघ्र राहत और नुकसान का मुआवजा मिले, ताकि खरीफ सीजन पूरी तरह प्रभावित न हो.





