एमडी और गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
22.60 ग्राम एमडी और सवा किलो गांजा समेत 3.63 लाख रुपए का माल जब्त

* अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
अमरावती/दि.10- अमरावती शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22.07 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी), 1.124 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन सहित कुल 3.63 लाख रुपये का माल जब्त किया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों के नाम फरीद नगर निवासी सैफ अली आसिफ अली (32), हैदरपुरा निवासी अवेजुद्दीन नसीरुद्दीन (20) तथा गौस नगर निवासी मोहम्मद तौसिफ मोहम्मद जफर (24) है.
पुलिस आयुक्त राकेश ओला द्वारा शहर में नशीले पदार्थों के खिलाफ लागू जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई. क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर की टीम को गोपनीय जानकारी मिली थी कि कुछ युवक नांदगांव पेठ क्षेत्र के वालकी डैम की तरफ जाने वाले मार्ग से एमडी बेचने आने वाले हैं. जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली आसिफ अली (32), निवासी फरीद नगर, अवेजुद्दीन नसीरुद्दीन (20), निवासी हैदरपुरा तथा मोहम्मद तौसिफ मोहम्मद जफर (24), निवासी गौस नगर, अमरावती के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.07 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) जिसकी कीमत 3 लाख 1 हजार 200 रुपये, 1 किलो 124 ग्राम गांजा जिसकी कीमत 22 हजार 270 रुपये तथा 40 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन बरामद किए. जब्त सामग्री का कुल मूल्य 3 लाख 63 हजार 470 रुपये बताया गया है.
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी सैफ अली ने पुलिस को बताया कि वह एमडी नागपुर निवासी इरशाद खान उर्फ अरशद से खरीदकर अमरावती में बेचता था. पुलिस अब इस सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है. इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ नांदगांव पेठ पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक अतुल वर के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने अंजाम दी.