तुकाराम मुंढे से रूबरू होने का सुनहरा अवसर

नांदगांव पेठ के विद्यार्थियों में उत्साह

* प्रतियोगी परीक्षाओं, ईमानदार प्रशासन और अनुशासन पर करेंगे मार्गदर्शन
* 1 अगस्त को होगा प्रेरक संवाद कार्यक्रम
अमरावती/दि.10- अमरावतीवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे से सीधे संवाद करने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है. अपने पारदर्शी, अनुशासित और जनहितैषी प्रशासन के लिए प्रसिद्ध तुकाराम मुंढे शनिवार 1 अगस्त को शाम 5 बजे पोटे टाउनशिप में खादी महिला समिति द्वारा आयोजित विशेष प्रेरणादायी कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और युवाओं से संवाद करेंगे.
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजन समिति के सदस्य एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शक प्रो. डॉ. नरेशचंद्र काठोेले ने जिला परिषद जूनियर कॉलेज, नांदगांव पेठ का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद किया. इस अवसर पर प्राचार्य देवेंद्र ठाकरे, प्रो. डॉ. रामदास चावरे, सार्वजनिक वाचनालय के सचिव राजन देशमुख, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे. प्रा. काठोले ने विद्यार्थियों को तुकाराम मुंढे की कार्यशैली, ईमानदारी, अनुशासन और निर्भीक प्रशासनिक निर्णयों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए उनका मार्गदर्शन अत्यंत प्रेरणादायी और उपयोगी साबित होगा. उन्होंने विद्यार्थियों से इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाने की अपील की. कॉलेज में आयोजित संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह दिखाया. अनेक विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की. ग्रामीण क्षेत्र नांदगांव पेठ में भी तुकाराम मुंढे की कार्यशैली को लेकर युवाओं में विशेष आकर्षण और उत्सुकता देखने को मिली. प्रार्थना सभा में सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई. इस अवसर पर प्राचार्य देवेंद्र ठाकरे ने प्रो. डॉ. नरेशचंद्र काठोले का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. उल्हास घरडे ने किया. समारोह में शिक्षक, छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.

Back to top button