दिव्यांग छात्र पार्थ के उज्ज्वल भविष्य की राह हुई आसान
आईटीआई में मिला प्रवेश

शिरजगांव कस्बा/दि.10 – समय पर मार्गदर्शन और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति से शिरजगांव कसबा निवासी दिव्यांग छात्र पार्थ नीलिमा सतीश गणोरकर का शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक ट्रेड में प्रवेश सुनिश्चित हो गया.
जानकारी के अनुसार, तकनीकी मार्गदर्शन के अभाव में पार्थ अपने माता-पिता के साथ निराश होकर लौट गया था. बाद में उसके दस्तावेजों की जांच के दौरान प्रवेश की संभावना स्पष्ट हुई. इसके बाद आईटीआई के प्राचार्य के पत्र के आधार पर अमरावती जिला सामान्य अस्पताल से आवश्यक फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराया गया और प्रवेश की अंतिम तिथि 9 जुलाई को उसका दाखिला पूरा कराया गया. पार्थ को लगातार तीन दिनों तक आवश्यक प्रमाणपत्रों की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ ही उसका मनोबल बढ़ाने के लिए परामर्श भी दिया गया. उसे बताया गया कि वर्तमान समय में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक ट्रेड में रोजगार तथा स्वरोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस क्षेत्र में स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर उपलब्ध है.
इस पूरे प्रयास में पार्थ के माता-पिता, आईटीआई के प्राचार्य एवं शिक्षकों तथा अमरावती जिला सामान्य अस्पताल के जिला शल्य चिकित्सक द्वारा समय पर फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण भूमिका रही. भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अमरावती ग्रामीण के जिलाध्यक्ष सुखदेव पवार ने कहा कि विद्यार्थियों को पार्थ से प्रेरणा लेकर कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए. उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है.





