जन्म प्रमाण पत्र में देरी पर राजवीर जनहित संगठन का मनपा में प्रदर्शन
जन्म प्रमाण पत्र में देरी पर राजवीर जनहित संगठन का मनपा में प्रदर्शन

अमरावती /दि.11- जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी के विरोध में राजवीर जनहित संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को अमरावती महानगरपालिका पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया और तत्काल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की. संगठन ने इस संबंध में नगर निगम प्रशासन तथा राज्य सेवा नागरिक हक आयुक्त को भी ज्ञापन सौंपा.
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष रहमत खान उर्फ रम्मू पत्रकार के मार्गदर्शन तथा शहर अध्यक्ष सैयद जुनैद एवं मनोज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि अमरावती शहर, बडनेरा तथा विशेष रूप से पश्चिम क्षेत्र के नागरिक कई महीनों से जन्म प्रमाण पत्र के लिए संबंधित जोन कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं. इससे उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ज्ञापन में कहा गया कि स्कूलों में प्रवेश के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होने के बावजूद नागरिकों को समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं. संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जोन क्रमांक-5 (भाजी बाजार) कार्यालय में आने वाले नागरिकों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं है. संगठन ने प्रशासन से सभी नागरिकों के साथ समान और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की.
प्रदर्शन के बाद महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख तथा वैद्यकीय अधिकारी डॉ. काले ने संगठन के प्रतिनिधियों से चर्चा की. उन्होंने आश्वासन दिया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित कर्मचारियों की शीघ्र बैठक बुलाकर लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा. हालांकि, संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए तो महानगरपालिका मुख्यालय पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान सईद खान पठान, नूर खान पठान, सरफराज खान, अहमद कुरैशी, निजामुद्दीन खान, सैयद अशफाक, अनवर खान, मनोज वानखेड़े, सैयद आदिल, इरफान खान, जुबेर खान, समीर खान, आमिर खान, सैयद आदिफ, नेहाल खान, शेख अतीक, अराफात खान, फैजल खान, राजा भाई सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.





