निर्माणकार्य स्थल से विद्युत तार चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार

1.58 लाख रुपए का माल जब्त

* गाडगे नगर पुलिस की कार्रवाई
अमरावती/दि.11 – अमरावती शहर के नवसारी स्थित त्रिमूर्ति विहार में निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी करने के मामले का गाडगेनगर पुलिस की डीबी टीम ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के तांबे के तार और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा समेत 1 लाख 58 हजार रुपये का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपी का नाम गुलजार नगर निवासी शेख अजरुद्दीन शेख कमरुद्दीन (23) है.
जानकारी के मुताबिक त्रिमूर्ति नगर निवासी रवि मल्लिकाअर्जुन आप्पा झाडे (48) के निर्माणाधीन दो मंजिला मकान में फरवरी 2025 से निर्माण कार्य चल रहा था. 4 जुलाई की रात 10 बजे से 5 जुलाई की दोपहर 1.30 बजे के बीच अज्ञात चोर निर्माण स्थल से 75 हजार रुपये मूल्य के बिजली के तार चोरी कर फरार हो गया. शिकायत के आधार पर गाडगेनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी जांच के दौरान डीबी टीम को आरोपी शेख अजरुद्दीन (23) के संबंध में जानकारी मिली. पुलिस ने उसे राजपूत ढाबा चौक के पास एक इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा में घूमते हुए हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के तारों को जलाकर निकाला गया करीब 4 किलोग्राम तांबा, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये है, तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा क्रमांक एमएच-27/सीडीडब्ल्यू-1457 समेत कुल 1.58 लाख रुपये का माल बरामद कर पुलिस ने चोरी की गुत्थी सुलझा ली. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव, पुलिस निरीक्षक विजया पंधरे तथा पुलिस निरीक्षक प्रमोद पचकवड़े के मार्गदर्शन में गाडगेनगर पुलिस की डीबी टीम ने की.

Back to top button