कोणार्क और नैकॉफ के प्रस्ताव अगली बैठक तक स्थगित
अमरावती मनपा स्थायी समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले

अमरावती/दि.17- गत रोज अमरावती महानगरपालिका की स्थायी समिति की बैठक मनपा मुख्यालय स्थित स्वर्गीय सुदामकाका देशमुख सभागृह में सभापति अविनाश मार्डीकर की अध्यक्षता में बुलाई गई थी, जिसमें मनपा के विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई. वहीं सफाई ठेकेदार कोणार्क कंपनी के निविदा प्रस्ताव के ‘पार्ट-बी’ तथा नैकॉफ कंपनी को मनुष्यबल आपूर्ति का ठेका देने से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय फिलहाल टालते हुए उन्हें अगली बैठक तक स्थगित रखा गया.
बैठक में स्थायी समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे. विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा के बाद कई प्रशासनिक और विकास कार्यों को मंजूरी दी गई, जबकि कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अगले चरण में निर्णय लिए जाने की संभावना जताई गई. बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था से संबंधित कोणार्क कंपनी के निविदा प्रस्ताव के पार्ट-बी तथा नैकॉफ कंपनी को मनुष्यबल आपूर्ति का ठेका देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई. हालांकि सदस्यों द्वारा कुछ मुद्दों पर और जानकारी मांगे जाने के कारण दोनों प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया और उन्हें अगली बैठक तक स्थगित कर दिया गया.
* 1.92 करोड़ रुपये के स्ट्रीट लाइट रखरखाव कार्य को मंजूरी
बैठक में शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1 करोड़ 92 लाख रुपये के रखरखाव कार्य को मंजूरी प्रदान की गई. समिति ने ठेका एजेंसी ब्राइट कंपनी को प्रत्येक जोन में कम से कम तीन मेंटेनेंस वाहन तैनात करने, पुराने पीले बल्बों को हटाकर नए एलईडी व दूधिया रोशनी वाले लाइट लगाने तथा खराब वायरिंग और जर्जर पोलों की मरम्मत करने के निर्देश दिए. सदस्यों ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बेहतर रोशनी उपलब्ध कराने और दुर्घटनाओं की संभावना कम करने के लिए स्ट्रीट लाइटों का नियमित रखरखाव जरूरी है.
* अग्निशमन विभाग की नई इमारत के लिए 99 लाख मंजूर
मनपा के अग्निशमन विभाग की निंभोरा परिसर में निर्मित नई इमारत में विद्युत फिटिंग और संबंधित कार्यों के लिए 99 लाख रुपये के खर्च को मंजूरी प्रदान की गई. समिति ने अधिकारियों को कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.
* जन्म-मृत्यु विभाग को मिलेगी नई जगह
बैठक में मनपा मुख्यालय में स्थित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र विभाग में जगह की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. समिति ने प्रशासन को निर्देश दिया कि नेहरू मैदान स्थित मनपा स्कूल भवन की मरम्मत कर वहां आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं और जन्म-मृत्यु विभाग सहित कुछ अन्य विभागों को वहां स्थानांतरित किया जाए. सदस्यों का कहना था कि वर्तमान कार्यालय में नागरिकों और कर्मचारियों दोनों को जगह की कमी के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
* आवारा कुत्तों की समस्या पर चिंता
शहर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई. समिति ने कुत्तों के नसबंदी (निर्बीजीकरण) कार्य का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार को काम अधिक प्रभावी ढंग से करने की सख्त हिदायत दी. चर्चा के दौरान कुछ सदस्यों ने यह सवाल भी उठाया कि यदि 47 लाख रुपये के कार्य में मनपा के पशु चिकित्सक पर 25 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया जा रहा है, तो शेष राशि में कार्य की गुणवत्ता कैसी रही होगी. समिति ने मामले पर चिंता व्यक्त करते हुए नसबंदी अभियान की समीक्षा करने की आवश्यकता बताई. साथ ही इस बात पर भी विचार किया गया कि नसबंदी के बावजूद शहर में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते बने रहेंगे. ऐसे में आवारा कुत्तों को पकड़कर शहर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हुई.
* कंप्यूटर और प्रिंटर खरीद को मंजूरी
स्थायी समिति ने मनपा के विभिन्न विभागों के लिए कंप्यूटर और प्रिंटर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी. विशेष रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र विभाग में तकनीकी संसाधनों की कमी को देखते हुए समिति ने प्रशासन को निर्देश दिया कि वहां प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और प्रिंटर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि नागरिकों को प्रमाणपत्र प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब न हो.





