मोर्शी में गोवंश तस्करी के खिलाफ बडी कार्रवाई
मोर्शी में गोवंश तस्करी के खिलाफ बडी कार्रवाई

मोर्शी /दि.18– मोर्शी पुलिस ने गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ बडी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से 12 गौवंशीय पशुओं को मक्त कराया तथा वाहन सहित कुल 6 लाख 32 हजार रुपए का माल जब्त किया. हालांकि वाहन में अमानविय तरीके से ठुंसकर ले जाए जा रहे पशुओं में से 2 की मौत हो गई. यह घटना शुक्रवार 17 जुलाई की सुबह 5 बजे की बताई गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस निरीक्षक राहुल आठवले अपने दलबल के साथ रात को गश्त पर थे. इसी दौरान पाला टी पॉइंट पर मौजूद रहते समय उन्हें गौरक्षकों ने फोन पर सूचना दी कि, एक बोलेरो पिकअप में गौवंशीय पशुओं को कथित रुप से वध करने ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस और गौरक्षकों ने पाला टी पॉइंट पर नाकाबंदी की. कुछ ही देर में संदिग्ध बोलेरो पिकअप दिखाई दी. पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज रफ्तार से अमरावती रोड की ओर दौडा दिया. इसके बाद पुलिस और गौरक्षकों ने पीछा किया. पीछा किए जाने के दौरान चालक ने लापरवाही से पिकअप वाहन चलाते हुए निंभी टोल पर लगाए गए बैरिकेट्स को तोड दिया. जिससे टोल नाके को लगभग 5 हजार रुपए का नुकसान हुआ.
इसके बाद भी वाहन चालक वाहन को दौडाता ही रहा. सुबह करीब 5.30 बजे अमरावती मार्ग पर स्थित रवींद्र विश्वासराव बालसराफ के खेत में वाहन अनियंत्रित होकर सडक से नीचे उतर गया और एक नीम के पेड से जा टकराया. पुलिस मौके पर पहुंची, तो वाहन चालक और उसका साथी घायल अवस्था में मिले. पूछताछ किए जाने पर उन्होंने अपने नाम मुस्तकीत शाह (32, चालक) तथा अब्दुल आरिफ अब्दुल वारिस (33, लालखडी, अमरावती) बताए. दोनों घायलों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल भेजा गया. पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लिए जाने पर बोलेरो पिकअप क्रमांक एमएच-04/एचडी-6408 में 12 गौवंशीय पशु हाथपैर बांधकर अत्यंत क्रूरता के साथ ठुसकर ले जाए जाते हुए मिले.
गौरक्षकों की मदद से सभी पशुओं को बाहर निकालकर गौशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गौवंशीय पशु और बोलेरो पिकअप सहित कुल 6.32 लाख रुपए का माल जब्त किया. वाहन में मिले दो मृत पशुओं का गड्ढा खोदकर अंतिम संस्कार किया गया. इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ क्रूरता निवारण अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओ के तहत मामला दर्ज किया गया. उल्लेखनीय है कि, राज्य में गौहत्या प्रतिबंध कानून लागू होने के बावजूद मध्यप्रदेश से गौवंशीय पशुओं की कथित तस्करी कर उन्हें कत्तल के लिए लाए जाने के मामले समय-समय पर सामने आते रहे है. पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है.





