आफाक हत्याकांड का फरार मुख्य सूत्रधार सडक हादसे में हुआ घायल
शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज

* सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में पुलिस का तगडा बंदोबस्त
अमरावती/दि.18- अमरावती के चर्चित आफाक शेख हत्याकांड में फरार मुख्य सूत्रधार तथा आरके कंपनी नामक ग्रुप चलाकर खुद की दहशत निर्माण करने का प्रयास करने वाला नाबालिग युवक आखिरकार एक सडक हादसे के कारण क्राइम ब्रांच के जाल में फंस गया. गंभीर रुप से घायल इस युवक का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात किया गया है.
बता दें कि, 15 जुलाई को सुबह फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के रुख्मिणी नगर परिसर में रंजिश के चलते ताज नगर निवासी आफाक शेख की तीक्ष्ण हथियार से हत्या कर दी गई थी. हमलावर युवकों ने आफाक शेख का हाथ का पंजा छाट डाला था. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गये थे. लेकिन पुलिस ने परिसर के सीसीटीवी फूटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर दो नाबालिग समेत तीन लोगों को कब्जे में ले लिया था. जबकि मुख्य सूत्रधार फरार चल रहा था. उसकी तलाश में पुलिस के विभिन्न दल जूटे हुए थे. यह मुख्य सूत्रधार आखिरकार एक सडक दुर्घटना घायल होने के कारण क्राइम ब्रांच के जाल में फंस गया. फिलहाल पुलिस की निगरानी में उस पर निजी अस्पताल में उपचार जारी है. वह आज पूरे 18 वर्ष का हो गया है. बताया जाता है कि, 17 जुलाई की मध्यरात्रि को वह 18 वर्ष का हो गया. लेकिन जिस समय उसने हत्या की, यानि 15 जुलाई को वह कानूनन नाबालिग था. इस कारण अब उसे ठीक होने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर बालगृह में ही भेजा जाएगा, ऐसी जानकारी पुलिस ने दी है. उसे मेजर के रुप में ट्रीट करने का अनुरोध पुलिस न्यायालय में करने वाली है. बताया जाता है कि, 16 जुलाई की रात 10 बजे के दौरान वह वाहन के साथ द्विभाजक पर चढ गया था. उसके कंधे पर गंभीर चोटे आयी है. हादसे में वह घायल होने की जानकारी क्राइम ब्रांच के दल को मिलते ही पुलिस के दल ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढाकर उसकी निगरानी शुरु कर दी है.
* गिरफ्तार आरोपी को लेकर रात में पहुंची पुलिस घर
आफाक खान हत्याकांड में गिरफ्तार मयूर बालू कुराडे (18) को पुलिस ने 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है. शुक्रवार 17 जुलाई की रात 8 बजे के दौरान फ्रेजरपुरा पुलिस का दल तगडे बंदोबस्त में आरोपी मयूर कुराडे को चिचफैल स्थित मुख्य आरोपी रामा के घर लेकर पहुंचा. इस दौरान निरीक्षक रवींद्र राजुरवार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. मौके पर फारेंसिक दल भी मौजूद रहा. करीबन दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्याकांड में इस्तेमाल किये गये साहित्य व अन्य सबूतों को जब्त करने की प्रक्रिया पूर्ण की. यह पूर्ण प्रक्रिया इन कैमेरा की गई. आरोपी को जब रात के समय मुख्य सूत्रधार के घर पर लाये तब परिसर में नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी.





