आदिवासी विकास मंत्री ने चिखलदरा कन्या आश्रमशाला और छात्रावास का किया निरीक्षण
छात्राओं से किया संवाद, शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रावास सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश

अमरावती /दि.20- महाराष्ट्र के आदिवासी विकास मंत्री प्रा. डॉ. अशोक उईके ने अपने चिखलदरा दौरे के दौरान शासकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक कन्या आश्रमशाला तथा टेंब्रूसोंडा स्थित बालिका छात्रावास का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय और छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान मंत्री डॉ. उईके ने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रहने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, छात्रावास में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. इस अवसर पर विधायक केवलराम काले, अपर आयुक्त संदीप गोलाइत, परियोजना अधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला, मुख्याध्यापक श्री पुंडकर, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.





