राम मंदिर चंदा मामले को लेकर शिवसेना का भाजपा पर हमला
उद्धव ठाकरे पर की जा रही टिप्पणी का किया विरोध

* प्रवीण हरमकर बोले- पहले राम मंदिर निधि में कथित गड़बड़ी के आरोपों का जवाब दें, फिर दूसरों को सद्बुद्धि की सलाह दें
अमरावती /दि.20- शिवसेना उबाठा के अमरावती शहर प्रमुख एवं पूर्व विपक्ष नेता प्रवीण वसंतराव हरमकर ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे को सद्बुद्धि देने की बात करने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए.
जारी प्रेस नोट में हरमकर ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा के कुछ नेता उद्धव ठाकरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और उन्हें सद्बुद्धि देने की बात कह रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी को सद्बुद्धि की जरूरत है तो वह उन लोगों को है, जिन पर राम मंदिर के नाम पर एकत्रित धन में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है, राजनीति का नहीं. मंदिर के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया प्रत्येक रुपया उनकी आस्था और परिश्रम का प्रतीक है. ऐसे में यदि धन के दुरुपयोग के आरोप सामने आते हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
प्रवीण हरमकर ने कहा कि रामभक्त ऐसे लोगों को माफ नहीं करेंगे, जिन पर भगवान राम के नाम पर जुटाई गई राशि के दुरुपयोग के आरोप हैं. उन्होंने भाजपा नेताओं से पहले इन आरोपों पर जवाब देने और उसके बाद उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी करने की बात कही. उन्होंने अपने बयान में भाजपा नेताओं की आलोचना करते हुए कहा कि दूसरों को सद्बुद्धि का उपदेश देने से पहले उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए.





