राजापेठ पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पूछताछ में दो अन्य वारदातें भी कबूलीं

* चोरी का सामान बरामद, मामले की जांच जारी
अमरावती/दि.20- अमरावती शहर की राजापेठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन चोरी के मामलों का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. गिरफ्तार आरोपी का नाम राजुरा पारधी बेडा निवासी नरेश रोशबाबू पवार (21) है.
जानकारी के मुताबिक एक शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने नरेश पवार (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने संबंधित चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. आगे की पूछताछ में आरोपी ने कुछ दिन पहले राजापेठ थाना क्षेत्र के कवर नगर और स्वास्तिक नगर में हुई दो अन्य चोरियों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की. इन मामलों में एक प्रकरण में करीब 15 हजार रुपये मूल्य का भूरे रंग का धनुष चोरी किया गया था, जबकि दूसरे मामले में निर्माण सामग्री चोरी होने की बात सामने आई. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से राजापेठ पुलिस थाना क्षेत्र के कुल तीन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. मामले में आगे की जांच जारी है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में थानेदार संदीप चव्हाण के नेतृत्व में की गई. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक उमेश मुंढे, सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन शिंदे तथा राजापेठ पुलिस की टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.





